उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में शनिवार का दिन बेहद ठंडा रहा और भीषण ठंड में लोग ठिठुरते नजर आए। कश्मीर घाटी में पिछले कुछ दिनों से तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है और दिल्ली में इस सर्दी के मौसम की सबसे ठंडी सुबह रिकार्ड की गई। राष्ट्रीय राजधानी में शीतलहर और कोहरा छाया हुआ है।
राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को इस सर्दी के मौसम की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई और अगले दो दिनों में स्थिति के और बिगड़ने के साथ 'शीत लहर' चलने का अनुमान है। दिल्ली के सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 2024 के बाद से जनवरी की सबसे ठंडी सुबह है। यह इस मौसम में अब तक का सबसे कम तापमान भी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अधिकतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से कम है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 से 48 घंटे देश के बड़े हिस्से में मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव आने की संभावना है। उत्तर भारत में जहां कड़ाके की सर्दी, घना कोहरा और शीतलहर का असर और तेज होगा, वहीं दक्षिण और तटीय राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और समुद्री उथल-पुथल का खतरा जताया गया है।
राजस्थान के अलग-अलग क्षेत्रों में 12-13 जनवरी को शीतलहर से लेकर भीषण शीतलहर झेलनी पड़ सकती है। राजस्थान में 11 से 14 जनवरी, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और ओडिशा में 11-12 जनवरी, उत्तराखंड, झारखंड और कर्नाटक में 11 जनवरी को शीतलहर की परेशानी उठानी पड़ सकती है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 11 जनवरी तक चेन्नई सहित पूरे तमिलनाडु में भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की है, साथ ही 10 जनवरी की दोपहर तक श्रीलंका को पार करने की संभावना है।
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने गहरे दबाव के तीव्र होने की संभावना है, जो तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल को प्रभावित करेगा। तमिलनाडु में पीले और नारंगी रंग का मिश्रित अलर्ट जारी किया गया है। तिरुवरूर, कराईकल और नागपट्टिनम में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं चेन्नई, तंजावुर, शिवगंगई, मदुरै और तिरुचिरापल्ली समेत कई इलाकों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। Edited by : Sudhir Sharma