Publish Date: Sat, 30 May 2026 (11:49 IST)
Updated Date: Sat, 30 May 2026 (11:57 IST)
Weather Update : यूपी, बिहार, राजस्थान, दिल्ली और मध्यप्रदेश समेत 12 राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई। मौसम विभाग ने इस दौरान 70 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अलर्ट जारी किया है। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन तेज हवाओं और खराब मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। देश के कई राज्यों में भले ही बारिश के आसार नजर आ रहे हो लेकिन ये केरल में मानसून की आहट का संकेत नहीं है।
ALSO READ: 45°C तापमान होगा न्यू नॉर्मल? UN की रिपोर्ट ने क्यों बढ़ाई दुनिया, खासकर भारत की टेंशन
केरल से पहले अटका मानसून
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, केरल से 35 किलोमीटर दूर अटके मानसून के के दो-तीन दिन आगे बढ़ने की उम्मीद नहीं है। अब इसके सात दिन बाद केरल में दस्तक देने का अनुमान है। इस बार सामान्य से 10 फीसदी कम बारिश हो सकती है। अलनीनो प्रभाव की वजह से इस वर्ष 11 साल में सबसे कमजोर मानसून का अनुमान है।
उत्तर-पश्चिम भारत को लू से राहत
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में चल रही उष्ण लहर कम हो गई है, आज से मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में भी इसके कम होने की संभावना है।
उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत और पूर्वी भारत में 29 से 31 मई के दौरान तेज हवाओं के साथ मध्यम से गंभीर गरज-चमक की संभावना है। उत्तर-पूर्वी भारत और दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में 1 से 4 जून तक कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है।
कैसा है गुजरात का मौसम?
राज्य में पड़ रही असहज करने वाली चिलचिलाती गर्मी के बीच अब मौसम बदलने के साफ संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग (IMD) के ताजा अनुमान के मुताबिक, आने वाले कुछ दिनों के दौरान गुजरात के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक और तेज आंधी के साथ बारिश का माहौल बन सकता है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। आज से ही राज्य के विभिन्न जिलों में मानसूनी हलचल या प्री-मानसून बारिश की शुरुआत हो सकती है।
उत्तर गुजरात के बनासकांठा, मेहसाणा, साबरकांठा, अरावली और पूर्वी गुजरात के पंचमहाल, दाहोद, महीसागर और छोटा उदेपुर जिलों में बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा गीर सोमनाथ, दीव, दमन और दादरा नगर हवेली में भी हल्की बौछारें पड़ने की उम्मीद है।
31 मई को उत्तर गुजरात में बारिश की स्थिति और मजबूत होगी। इसके साथ ही दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र के इलाकों में भी मौसम करवट लेगा। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान 40 से 50 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली की गड़गड़ाहट के साथ झमाझम बारिश होने की संभावना है।
क्या है राजस्थान का हाल?
मौसम विभाग ने जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, अजमेर और कोटा समेत राजस्थान के कई जिलों में धूल भरी आंधी के साथ ही बिजली गिरने की भविष्यवाणी की है। इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती हैं। इस दौरान 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
edited by : Nrapendra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें