Publish Date: Tue, 07 Apr 2026 (09:54 IST)
Updated Date: Tue, 07 Apr 2026 (11:00 IST)
Weather Update News : उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। Delhi-NCR, यूपी, बिहार, पंजाब समेत कई राज्यों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है। कश्मीर और हिमाचल में भारी बारिश, जबकि बिहार-झारखंड में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक तापमान सामान्य या कम रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को इस सप्ताह के दौरान प्रभावित करने की संभावना है, जिनकी तीव्र गतिविधि 07 और 08 अप्रैल को रहने की संभावना है। कश्मीर घाटी में 07 अप्रैल और हिमाचल प्रदेश में 08 अप्रैल को कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना है।
मध्य, पूर्वी और प्रायद्वीपीय भारत में 09 अप्रैल तक गरज और बिजली के साथ वर्षा का दौर जारी रहने की बहुत संभावना है। छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, गंगीय पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 06 अप्रैल, बिहार और झारखंड में 06 और 08 अप्रैल को ओलावृष्टि की संभावना है।
उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्सों में अगले 5 दिनों के दौरान दिन का तापमान सामान्य से कम या सामान्य के आसपास रहने की संभावना है, इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे 3-5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना है।
दिल्ली के लिए चेतावनी
दिल्ली के कई क्षेत्रों जैसे इंडिया गेट, अक्षरधार, सफदरगंज, लोधी रोड, नेहरू स्टेडियम, वसंत विहार, आर.के. पुरम, डिफेंस कॉलोनी, लाजपत नगर, वसंत कुंज, हौज खास, मालवीय नगर, कालकाजी, महरौली, तुगलकाबाद, छत्तरपुर, आईजीएनओयू, अयनगर और डेरामंडी सहित कई इलाकों में अगले 2 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ हल्की गरज और बिजली चमकने की संभावना है।
इसी दौरान नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम, फरिदाबाद, मानेसर, बल्लभगढ़, दादरी और छपरौला जैसे एनसीआर क्षेत्रों में भी 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज झोंके वाली हवाओं के साथ बारिश होने के आसार हैं।
कोलकाता में IPL मैच रद्द
कोलकाता में तेज हवाओं के साथ बारिश की वजह से कोलकाता और पंजाब के बीच मैच नहीं हो सका। दोनों टीमों को 1-1 अंक से संतोष करना पड़ा।
Edited by : Nrapendra Gupta