उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में तैनात महिला कॉन्स्टेबल मीनाक्षी शर्मा इन दिनों पूरे देश में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। 5 दिसंबर को कुठौंद थाना क्षेत्र में इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय द्वारा सर्विस रिवाल्वर से खुद को गोली मारने की घटना के बाद से मीनाक्षी शर्मा पर गंभीर आरोप लग रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इंस्पेक्टर की आत्महत्या के पीछे मीनाक्षी की लगातार ब्लैकमेलिंग, धमकी और मनमानी मुख्य कारण थी। इतना ही नहीं, जानकारी सामने आ रही है कि मीनाक्षी शर्मा के अरुण राय से पहले 9 और थाना प्रभारियों से संबंध थे। इसके साथ ही वो कई पुलिसकर्मियों को अपने प्यार के जाल में फंसा चुकी थी। यहां तक कि इस चक्कर में थाने के अंदर ही पुलिसकर्मियों के बीच फायरिंग तक हो चुकी है।
जालौन थाने की असली थानेदारनी : मीनाक्षी शर्मा को लेकर जैसे-जैसे खुलासे हो रहे हैं, वैसे-वैसे यूपी पुलिस के बारे में कई तरह के चौंकाने वाले राज सामने आ रहे हैं। अब मीनाक्षी के व्हाट्सएप चैट वायरल हुए हैं। यह कांड यूपी पुलिस के लिए मुसीबत बन गया है। बताया जा रहा है कि मीनाक्षी ही जालौन थाने की असली थानेदारनी थी। वो पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी वही लगाती थी। जानकारी सामने आई है कि मीनाक्षी कुछ और पुलिसकर्मियों को अपने प्यार के जाल में फंसा चुकी थी। यहां तक कि इस चक्कर में थाने के अंदर ही पुलिसकर्मियों के बीच फायरिंग तक हो चुकी है।
खाकी नहीं, ब्रांडेड कपड़ों में ड्यूटी : मीनाक्षी शर्मा को यूनिफॉर्म में ड्यूटी करना पसंद नहीं था। वह ज्यादातर समय महंगे ब्रांडेड कपड़ों में ही थाने आती-जाती थीं। कई बार तो ड्यूटी के दौरान भी सिविल ड्रेस में ही रहती थीं। उसके पास iPhone समेत कई महंगे स्मार्टफोन थे। थाने में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों के अनुसार, मीनाक्षी का रुतबा किसी नेता से कम नहीं था।
कैसे जीती है लक्जरी लाइफ : सवाल उठ रहे हैं कि साल 2019 में सिपाही बनी मीनाक्षी शर्मा लग्जरी लाइफ कैसे जीती है। मीडिया रिपोर्ट में सामने आ रहा है कि कई अफसर मीनाक्षी शर्मा को गोल्ड और महंगे मोबाइल गिफ्ट करते थे। सवाल उठ रहे हैं कि घर में एसी, हाथ में एप्पल का मोबाइल, महंगे गहने और कपड़े एक सिपाही के पास कहां से आए?
अरुण कुमार राय ने की थी शिकायत : कोंच कोतवाली और कुठौंद थाने में तैनाती के दौरान इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय ने मीनाक्षी की मनमानी और अनुशासनहीनता को लेकर कई बार उच्चाधिकारियों को लिखित शिकायत की थी। उन्होंने स्पष्ट लिखा था कि मीनाक्षी ड्यूटी पर नहीं आतीं, यूनिफॉर्म नहीं पहनती और थाने में दबंगई दिखाती हैं। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। 5 दिसंबर को इंस्पेक्टर राय ने थाने में ही खुद को गोली मार ली।
ऐसे बढी करीबियां : साल 2024 के आसपास मीनाक्षी और अरूण की करीबियों की बातें थाने की चारदीवारों से बाहर आने लगीं। अपने प्यार के जाल में फंसाकर मीनाक्षी ने अरुण को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। उसके पास वीडियो थे, मैसेज थे, जो अरुण की जिंदगी बर्बाद कर सकते थे। वह पैसे मांगती और अरुण देता जाता। लेकिन तनाव बढ़ता गया। मीनाक्षी की 8 फरवरी 2026 को शादी तय हुई थी और वह शादी का खर्चा अरुण से मांग रही थी।
ब्लैकमेलर है, मुझे प्यार में फंसाकर 25 लाख मांगे : पीलीभीत में एक सिपाही मोहित खोखर ने बताया कि मीनाक्षी पुरानी ब्लैकमेलर है। उसने मुझे प्रेम जाल में फंसाया। फिर पैसे मांगने शुरू कर दिए। अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने लगी। झूठा केस लिखवाने की धमकी दी। 25 लाख रुपए मांगे। पैसे न देने पर गंभीर फर्जी मुकदमा लिखवा दिया। दो महीने जेल में गुजारने पड़े। मामला कोर्ट में है। लेकिन वह आती नहीं है। क्योंकि, मुकदमा झूठा था। मोहित का आरोप है कि सिपाही मीनाक्षी, उसके पिता और भाई इसी तरह कई पुलिसकर्मियों को जाल में फंसा कर ब्लैकमेल कर चुके हैं। एक SSI को भी ब्लैकमेल कर 25 लाख रुपए ऐंठ चुकी है।
दारोगा, सिपाही सब मीनाक्षी के प्रेम जाल में : इस बीच थाने में अफवाहें उड़ने लगीं कि मीनाक्षी ने कई और पुलिसकर्मियों को भी फंसा रखा है। जालौन पुलिस में हड़कंप मच गया, लेकिन कोई सबूत नहीं था। बड़े अधिकारियों को शक हुआ तो मीनाक्षी को डायल-112 में शिफ्ट कर दिया गया और अरुण को पूरी कोतवाली का चार्ज। लेकिन संपर्क टूटा नहीं।
साहब ने खुद को गोली मार ली : 6 दिसंबर 2025 को अरुण अपने सरकारी आवास पर था। दरवाजा अंदर से बंद था। अचानक एक गोली की आवाज अंदर से आई। मीनाक्षी चिल्लाती हुई बाहर निकली और कहा कि साहब ने खुद को गोली मार ली! पुलिस पहुंची, अरुण का शव फर्श पर पड़ा था, सर्विस रिवॉल्वर उसके हाथ में थी। लेकिन इसके बाद से मीनाक्षी गायब हो गई, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया। शक की सुई उस पर घूमी। पुलिस जांच में जुटी है कि यह आत्महत्या है या मर्डर। अरुण की पत्नी माया ने मीनाक्षी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई कि उसने उनके पति को मार डाला।
SIT ने जांच शुरू की: मीनाक्षी शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है और SIT ने जांच शुरू कर दी है। उनके सभी मोबाइल फोन कब्जे में ले लिए गए हैं। फोन खंगालने पर कई चौंकाने वाले चैट और कॉल डिटेल्स सामने आ रहे हैं। सूत्रों का दावा है कि मीनाक्षी का जालौन से लेकर पीलीभीत तक बड़ा नेटवर्क था और कई प्रभावशाली लोगों से उनके संबंध थे।
Edited By: Navin Rangiyal