45 वर्ष के नितिन नबीन के राष्ट्रीय बनने के साथ भाजपा में एक नए युग का आगाज हो गया है। भाजपा अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल कई दिग्गज चेहरों को दरकिनार करते हुए मोदी-अमित शाह की जोड़ी ने जिस तरह से सभी को चौंकाते हुए नितिन नबीन पर भरोसा कर उन्हें पार्टी का सबसे युवा अध्यक्ष बना दिया,उसको लेकर भाजपा के अंदरखाने से लेकर सियासी गलियारों में कई तरह की चर्चा और अटकलें लगाई जा रही है।
ऐसे में नए अध्यक्ष की ताजपोशी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन के जरिए पार्टी नेताओं के साथ कार्यकर्ताओं को भी सीधा संदेश दे दिया। भाजपा मुख्यालय में नए अध्यक्ष के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को बॉस बताकर पूरी पार्टी को एक कड़ा और स्पष्ट संदेश भी दिया। पीएम मोदी ने पार्टी की भाजपा की लोकतांत्रिक परंपराओं और संगठनात्मक अनुशासन का हवाला देते हुए कहा कि जब बात पार्टी के विषयों की आती है, तब मैं एक कार्यकर्ता हूं और नितिन नबीन मेरे बॉस हैं।
पार्टी के दिग्गज नेताओं को सीधा संदेश- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नितिन नबीन को अपना बॉस बताना और यह कहना कि नितिन नबीन अब मेरी सीआर लिखेंगे,दरअसल पा्र्टी के दूसरी पंक्ति के उन नेताओं को सीधा संदेश है जो राष्ट्रीय अध्यक्ष की दौड़ में शामिल थे। मोदी ने नितिन नबीन को बॉस बताकर साफ कर दिया है कि संगठन में नितिन नबीन उनके समेत सबसे बॉस है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री का यह कहना है कि वह अपने पिछले 11 साल के कामकाज का हिसाब नए अध्यक्ष को दे रहे है और अब वह मेरी सीआर लिखेंगे और उनके मार्गदर्शन की प्रतीक्षा कर रहे है, कई सियासी मायने है। पीएम मोदी ने एक तरह से दो टूक शब्दों में बता दिया कि सभी नए अध्यक्ष के निर्देशों का पूरी निष्ठा से पालन करना चाहिए।
संगठन की सर्वोच्चता- इसके साथ ही पीएम मोदी ने अपने भाषण से साफ कर दिया है कि भाजपा में पद नहीं, बल्कि संगठन सर्वोपरि है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद को कार्यकर्ता बताकर पार्टी के बड़े नेताओं को यह संदेश दिया कि कोई भी व्यक्ति पार्टी से बड़ा नहीं है। भले ही वे प्रधानमंत्री हों लेकिन पार्टी के भीतर वे अध्यक्ष के अधीन एक कार्यकर्ता के रूप में ही काम करेंगे।
प्रधानमंत्री ने नितिन नबीन को बॉस कहकर उनके अधिकार क्षेत्र को भी निर्विवाद बना दिया है और यह भी संदेश दे दिया है कि वह अब पार्टी के नेताओं की भूमिकाओं का मूल्याकंन करेंगे। साफ तौर पर पीएम ने अपने भाषण के जरिए यह सीधा संदेश दिया कि बीजेपी में व्यक्ति विशेष नहीं, बल्कि अध्यक्ष का पद सबसे ऊपर है। यह उन नेताओं के लिए सीधा संदेश था जो खुद को संगठन से बड़ा समझने की भूल करते हैं।
मिलनियल को कमान,नेतृत्व का सम्मान- 46 साल पुरानी भाजपा के 45 वर्षीय नितिन नबीन अब तक के सबसे युवा अध्यक्ष हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें मिलनियल लीडर बताते हुए कहा कि वे उस पीढ़ी से हैं जिसने रेडियो से लेकर AI तक का सफर देखा है, जो बदलते समय में पार्टी के लिए बेहद जरूरी है। पीएम ने कहा कि नितिन नबीन खुद भी millennial हैं, वे उस पीढ़ी से हैं, जिसने भारत में बड़े आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी परिवर्तन होते देखे हैं। पीएम ने संकेत दिया कि पार्टी अब युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने के लिए तैयार है,यह पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के लिए यह एक सीधा संदेश है कि अब कमान नई पीढ़ी के पास है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इस नई ऊर्जा के साथ जुड़कर 2029 की चुनौतियों के लिए तैयार रहें।