कम है महिला पुलिसकर्मियों की संख्या...
नई दिल्ली , बुधवार, 30 जुलाई 2014 (15:18 IST)
नई दिल्ली। सरकार ने बुधवार को संसद में माना कि अर्धसैनिक बलों और पुलिस बलों में महिला कर्मियों की संख्या वांछित स्तर से कम है।गृह राज्यमंत्री किरन रिजिजू ने बुधवार को राज्यसभा को बताया कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और पुलिस में महिलाओं का प्रतिशत 33 फीसदी के वांछित स्तर तक नहीं है।उन्होंने कहा कि इस कमी के कई कारण हैं। पहले माना जाता था कि कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने का काम पुरुष ज्यादा बेहतर तरीके से कर सकते हैं। महिलाओं को पेशेवर जरूरतों और पारिवारिक दायित्वों के बीच संतुलन बनाना पड़ता है। साथ ही पर्याप्त सरकारी आवास की कमी और पुलिस के प्रति लोगों का व्यवहार भी पुलिस बल में महिलाओं के शामिल होने में बाधक रहा है।रिजिजु ने बताया कि गृह मंत्रालय ने समय-समय पर राज्य सरकारों को परामर्श पत्र जारी कर पुलिस बलों में सभी स्तर पर महिलाओं का समग्र प्रतिनिधित्व बढ़ाने को कहा है।उन्होंने जया बच्चन के प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में महिला पुलिसकर्मियों को कई सुविधाएं दी जा रही हैं जिनमें उनके लिए अलग शौचालय की व्यवस्था से लेकर उनके बच्चों के लिए ‘क्रैच’ और ‘डे केयर सेंटर’ उपलब्ध कराना और महिलाओं के लिए सुविधाजनक नीतियां बनाना शामिल है। (भाषा)