सहारनपुर हिंसा को लेकर सियासत तेज
नई दिल्ली , रविवार, 27 जुलाई 2014 (16:31 IST)
नई दिल्ली। सहारनपुर में हिंसा को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं और कांग्रेस ने उत्तरप्रदेश सरकार पर प्रशासनिक चूक का आरोप लगाया, वहीं भाजपा ने आरोप लगाया है कि समाजवादी पार्टी वोट बैंक की राजनीति में लिप्त है।आरोपों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सपा ने कहा कि राज्य में शांति भंग करने का प्रयास है और सांप्रदायिकता एवं असामाजिक तत्वों के लिए कोई स्थान नहीं है। सपा नेता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि अगर विपक्ष इस मुद्दे पर राजनीति करने का प्रयास करता है तो कानून अपना काम करेगा।कांग्रेस नेता रीता बहुगुणा जोशी ने स्थानीय अधिकारियों पर प्रशासनिक चूक का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर यह तथ्य है कि इस मुद्दे पर अदालत का आदेश था और एक पक्ष द्वारा पुलिस से मदद मांगी गई थी तो यह अधिकारियों की जिम्मेदारी थी कि वे कोई समाधान निकालते और दोनों पक्षों को यह समझाते कि अदालत के आदेश का पालन किया जाना है।उन्होंने कहा कि दो समुदायों के बीच गतिरोध था और पूजा का स्थान पुलिस स्टेशन के पास है। अगर यह तथ्य है कि अदालत का आदेश था और उन्होंने पुलिस से मदद मांगी थी तो यह पुलिस की जिम्मेदारी थी कि वह दोनों पक्षों को बैठाती और कोई समाधान निकालती।उन्होंने कहा कि विवाद को बढ़ने दिया जाना... यह एक प्रशासनिक चूक है और इसके लिए कुछ हद तक स्थानीय प्रशासन जिम्मेदार है। (भाषा)