CM Dhami meets Agriculture Minister Shivraj: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड में 184 सड़कों के निर्माण हेतु 1700 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है। धामी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि नई दिल्ली में केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भेंटकर प्रदेश के लिए 184 सड़कों के निर्माण हेतु 1700 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि यह स्वीकृति न केवल सड़क कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करेगी, बल्कि राज्य के समग्र विकास को भी नई गति प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि इन सड़कों की लंबाई 1228 किलोमीटर होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल की प्राकृतिक आपदा में प्रदेश में 946 सड़कें 15 पुल गंभीर स्थिति में क्षतिग्रस्त हुए हैं। पहाड़ी राज्य के लिए यह क्षति चुनौतीपूर्ण है। ऐसे में केन्द्र से विशेष सहयोग अपेक्षित है।
नियुक्ति पत्र वितरण : मुख्यमंत्री धामी ने एक अन्य पोस्ट में कहा- प्रदेश के सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरने और युवाओं को मेरिट के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराने के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए 142 असिस्टेंट प्रोफेसर्स को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के आह्वान के बाद डेस्टिनेशन वेडिंग के क्षेत्र में उत्तराखंड नई संभावनाओं के साथ तेजी से उभर रहा है। त्रियुगीनारायण मंदिर सहित राज्य के अनेक पवित्र एवं पर्यटन स्थलों पर डेस्टिनेशन वेडिंग की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की जा रही है।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala