Publish Date: Tue, 17 Feb 2026 (18:32 IST)
Updated Date: Tue, 17 Feb 2026 (18:38 IST)
Gujarat News: वडोदरा और अहमदाबाद के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद अब गुजरात की 6 अदालतों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। धमकी मिलने के तुरंत बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां कोर्ट परिसर पहुंचीं, लेकिन जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
गुजरात की जिन अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है, उनमें वडोदरा, वलसाड़, गांधीनगर और अहमदाबाद शामिल हैं। धमकी की सूचना मिलने के बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। ई-मेल के माध्यम से परिसर में बम प्लांट करने का दावा किया गया था। इस धमकी के बाद डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ता और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। कोर्ट में परिसर में खड़े वाहनों से लेकर अन्य स्थानों पर गहन जांच की गई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
उधर, वलसाड कोर्ट में बम की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम कोर्ट परिसर पहुंची और पूरे अदालत परिसर को खाली करा लिया गया। गांधीनगर की जिला अदालत को भी इसी तरह बम से उड़ाने की धमकी मिली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कोर्ट परिसर को खाली कराया और बम स्क्वायड व डॉग स्क्वायड की मदद से चप्पे-चप्पे की तलाशी ली।
उल्लेखनीय है कि पिछले गत को वडोदरा के 17 और अहमदाबाद के 15 स्कूलों को भी दोपहर 1 बजे बम की धमकी मिली थी। हालांकि स्कूलों की जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala