Publish Date: Wed, 03 Jun 2026 (17:50 IST)
Updated Date: Wed, 03 Jun 2026 (17:56 IST)
कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता डीके शिवकुमार ने बुधवार को कर्नाटक के 18वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। 64 वर्षीय वोक्कालिगा नेता शिवकुमार को राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने लोक भवन के ग्लास हाउस में शाम 4.05 बजे पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। 30 मई को कांग्रेस विधायक दल का नेता चुने गए डीके शिवकुमार ने राज्य के सर्वोच्च राजनीतिक पद पर पहुंचकर अपना वर्षों पुराना सपना पूरा कर लिया। समारोह का सीधा प्रसारण दिखाने के लिए कई स्थानों पर एलईडी स्क्रीन भी लगाई गईं।
बेंगलुरु पुलिस ने कार्यक्रम स्थल के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए बैरिकेडिंग की गई। पुलिस आयुक्त सीमंत कुमार सिंह ने बताया कि यह एक इनडोर कार्यक्रम था और सीमित सीटों के कारण केवल आमंत्रित मेहमानों को ही प्रवेश दिया गया। लोक भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के लिए व्यापक तैयारियां की गई थीं। विधान सौधा और लोक भवन के आसपास कांग्रेस के झंडे और बड़े-बड़े बैनर लगाए गए थे।
लंबे समय से मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही राजनीतिक खींचतान के बाद यह जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है। पिछले सप्ताह सिद्धारमैया ने कांग्रेस आलाकमान के निर्देश पर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, जिससे शिवकुमार के लिए रास्ता साफ हो गया। दक्षिण भारत में कांग्रेस के संकटमोचक माने जाने वाले डीके शिवकुमार अब राज्य की कमान संभालेंगे। उनके साथ जी. परमेश्वर ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर के अलावा जिन विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली, उनमें शामिल हैं-
केएच मुनियप्पा
केजे जॉर्ज
एमबी पाटिल
रामलिंगा रेड्डी
सतीश जारकीहोली
कृष्णा बायरे गौड़ा
प्रियंक खड़गे
यूटी खादर
ईश्वर खंड्रे
यतींद्र सिद्धारमैया
बायराठी सुरेश
शरण प्रकाश पाटिल
इनमें यूटी खादर और यतींद्र सिद्धारमैया को छोड़कर बाकी सभी नेता सिद्धारमैया सरकार में मंत्री रह चुके हैं। यूटी खादर कर्नाटक विधानसभा के स्पीकर थे, जबकि यतींद्र सिद्धारमैया पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के पुत्र हैं।
शपथ के बाद क्या बोले शिवकुमार?
शपथ ग्रहण के बाद डीके शिवकुमार ने कहा कि वह कैबिनेट की पहली बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसके बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को विदा करने के बाद पार्टी पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों और गारंटी समिति के प्रमुखों से मुलाकात करेंगे।
समारोह में शामिल हुए कांग्रेस के दिग्गज नेता
शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कांग्रेस और INDIA गठबंधन शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय और राज्य स्तरीय नेता, गणमान्य अतिथि तथा पार्टी कार्यकर्ता भी समारोह में शामिल हुए। Edited by: Sudhir Sharma
About Writer
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें