Publish Date: Fri, 20 Feb 2026 (13:03 IST)
Updated Date: Fri, 20 Feb 2026 (13:14 IST)
हरियाणा के फरीदाबाद में दीपावली की सफाई में एक परिवार ने गलती से 100 ग्राम सोने का डिब्बा कबाड़ में बेंच दिया। गलती का अहसास होन के बाद व्यापारी से संपर्क किया गया। एक कबाड़ व्यापारी ने दिन रात एक कर कबाड़ के ढेर में से सोने का ढूंढा और ईमानदारी का परिचय देते हुए खोए हुए सोने के गहने वापस लौटा दिए।
जनवरी 2025 में फरीदाबाद के रहने वाले अशोक शर्मा अपने परिवार के साथ कुंभ के मेले में घूमने जा रहे थे। घर पीछे से सूना था, इसलिए चोरी के डर से उन्होंने एक अनोखा तरीका अपनाया। उन्होंने अपने घर का सारा कीमती सोना (करीब 10 तोला) एक पुराने डिब्बे में बंद किया और उसे कबाड़ के बोरे में छिपा दिया, ताकि किसी चोर की नजर उस पर न पड़े।
समय बीतता गया और परिवार वह डिब्बा बोरे में ही भूल गया। दीपावली पर अनजाने में उस बोरे को 'कबाड़' समझकर खान साहब के कबाड़ गोदाम में बेच दिया गया। दिवाली पूजन के समय जब गहनों की तलाश शुरू की गई तो पूरे परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। क्योंकि जिस सोने को उन्होंने चोरों से बचाने के लिए छिपाया था, उसे वे खुद ही कबाड़ में दे चुके थे।
4 महीने की लंबी तलाश के बाद कबाड़ व्यापारी खान साहब ने अपने गोदाम के कबाड़ से गहनों से भरे उस डिब्बे को ढूंढ निकाला। खान साहब ने इसकी सूचना परिवार को दी और एसीपी (ACP) जितेश मल्होत्रा की मौजूदगी में 15 लाख रुपए कीमत की वह ज्वेलरी अशोक शर्मा और उनके परिवार को सकुशल सौंप दी।
एसीपी जितेश मल्होत्रा ने भी कबाड़ व्यापारी की इस ईमानदारी की जमकर सराहना की और इसे समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बताया।
Edited by : Nrapendra Gupta