suvichar

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

मेरठ में आग की लपटों में दफन हो गई 6 जिंदगियां, मृतकों में 6 माह की 2 जुड़वां बहनें

Advertiesment
Meerut UP Fire Incident case
Meerut UP Fire Incident case : मेरठ थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र के किदवई नगर में बीती रात्रि में एक दर्दनाक खबर सामने आई है, यहां एक हादसे में कपड़ा कारोबारी के घर में आग लगने से पुत्रवधू समेत 5 मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक झुलसी महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना व्यक्त की गई है। पुलिस, फारेंसिक टीम और फायर ब्रिगेड ने मौके से साक्ष्य एकत्रित करके जांच के लिए भेजे हैं, वहीं पीड़ित परिवार ने शवों का पोस्टमार्टम करवाने से इंकार कर दिया, जिसके चलते सभी शव बिना पोस्टमार्टम हुए परिवार को सुपुर्द कर दिए गए हैं।

किदवई नगर गली नंबर-3 स्थित रेडीमेड कपड़ों के कारोबारी इकबाल का तीन मंजिला मकान है। निचले तल पर कपड़ों का गोदाम बना हुआ है, जबकि ऊपरी दो मंजिलों पर परिवार के सदस्य रहते थे। सोमवार रात्रि में परिवार के पुरुष नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद गए हुए थे, अचानक करीब नौ बजे गोदाम में आग लग गई। वहां रखे रेडीमेड कपड़ों के स्टॉक ने तेजी से आग पकड़ ली, जिससे पूरा मकान धुएं से भर गया। आग की लपटों ने सीढ़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे नीचे उतरने का रास्ता बंद हो गया और परिवार के लोग अंदर फंस गए।
आग से बचने के लिए परिवार मशक्कत करता रहा लेकिन घर से बाहर निकले और मदद के लिए अंदर जाने के सारे रास्ते बंद हो चुके थे। आसपास के लोग चीख-पुकार सुनकर वहां पहुंचे और पुलिस, फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जब तक फायर ब्रिगेड और पुलिस पहुंचती तब तक स्थानीय लोगों ने खुद पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। तंग और संकरी गली होने के चलते फायर ब्रिगेड की गाड़ी आग वाले मकान तक नहीं पहुंच सकी, पानी का पाइप भी छोटा पड़ गया।

लिहाजा सामने वाले मकान की छत से सीढ़ी लगाकर फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की गई। सभी घायलों को हापुड़ रोड स्थित राजधानी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने 30 वर्षीय रुखसार, उनके तीन वर्षीय बेटे, छह माह की जुड़वां बेटियों, 12 वर्षीय महविश और चार वर्षीय सद्दाम को मृत घोषित कर दिया।
इकबाल की पत्नी आमिर बानो की हालत गंभीर बनी हुई है। बचाव के प्रयास में एक रिश्तेदार भी झुलस गया। सूचना पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पूरे मोहल्ले में घटना के बाद अफरातफरी और शोक का माहौल है। वहीं किदवई नगर के लोगों का कहना है कि पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ी एक घंटे विलंब से पहुंची, यदि समय रहते बचाल कार्य शुरू हो जाता तो मृतक बचाए जा सकते थे।
इन मौतों के कारण क्षेत्र का माहौल गमहीन है, सब सिस्टम को कोस रहे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, इकबाल के घर में कपड़ों पर कढ़ाई का काम होता था, तीन मंजिला मकान में इकबाल और उसके बच्चों का परिवार संयुक्त रूप से रह रहा है। कारोबार और घर के लिए एक बिजली मीटर लगा हुआ था वो भी 2 किलोवाट का, जबकि आवश्यकता 5 किलोवाट के कनेक्शन की थी, ऐसे में तो शाट सर्किट होना लाजिमी था।
 
विधायक, जिला पुलिस-प्रशासन के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस और फायर विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।
Edited By : Chetan Gour

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

MP के 27 जिलों में बारिश का अलर्ट, कैसा है भोपाल-इंदौर समेत 5 बड़े शहरों का मौसम