पंजाब के पूर्व वरिष्ठ पुलिस अधिकारी (IPS) अमर सिंह चहल ने पटियाला स्थित अपने आवास पर कथित तौर पर आत्महत्या का प्रयास किया। इसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया था। पुलिस को घटना स्थल से 16 पन्नों का एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इस विस्तृत नोट में पूर्व अधिकारी ने ऑनलाइन धोखाधड़ी (ऑनलाइन फ्रॉड) के कारण हुए भारी वित्तीय नुकसान और उससे पैदा हुए मानसिक तनाव का जिक्र किया है।
अमर सिंह चहल के घर से गोली चलने की आवाज सुनते ही आस-पास के लोग सन्न रह गए। आनन-फानन में उन्हें पटियाला के पार्क अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत बेहद गंभीर बताई है। फिलहाल वे जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं और डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी जान बचाने में जुटी हुई है।
पहले भी आया सुर्खियों में नाम
अमर सिंह चहल का नाम पहले भी कई बार सुर्खियों में आ चुका है। वे 2015 के कोटकपूरा और बहबल कलां गोलीकांड के प्रमुख आरोपियों में शामिल रहे हैं। फरवरी 2023 में एडीजीपी एलके यादव की अगुवाई वाली एसआईटी ने जो चार्जशीट दाखिल की थी, उसमें प्रकाश सिंह बादल और सुखबीर सिंह बादल जैसे बड़े राजनीतिक नामों के साथ चहल का नाम भी शामिल था। उन पर उस समय लिए गए पुलिसिया फैसलों को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए थे। यह मामला अब भी अदालत में विचाराधीन है।
क्या लिखा सुसाइड नोट में
मीडिया खबरों के मुताबिक घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि अमर सिंह चहल लंबे समय से गहरे आर्थिक संकट से गुजर रहे थे। सुसाइड नोट में उन्होंने खुद को एक बड़े ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार बताया है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ। इस आर्थिक दबाव ने उन्हें मानसिक रूप से पूरी तरह तोड़ दिया था। पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने पुष्टि की है कि नोट की जांच की जा रही है और मामले के हर पहलू को गंभीरता से खंगाला जा रहा है। Edited by : Sudhir Sharma