नदी का जल हर क्षण नया और ताज़ा होता है। जीवन भी नदी की तरह बह रहा है, जहाँ हर पल नया और ताज़गी से भरा है। जब आपको कोई दु:स्वप्न आता है, आप घबराकर जाग जाते हैं;आपका दिल अभी भी धड़क रहा है, मन में पीड़ा और भय है, लेकिन यह अधिक देर तक नहीं रहता। जीवन में आने वाले कठिन समय को भी ऐसे ही दु:स्वप्नों की तरह समझकर आगे बढ़ जाना चाहिए। श्वसन विधियाँ और ध्यान निश्चित रूप से अप्रिय स्मृतियों से उबरने और जीवन को नए सिरे से देखने में सहायता करते हैं।
हमारे स्वयंसेवक कई युद्ध-प्रभावित क्षेत्रों में कार्य करते हैं। इराक में आतंकी संगठन आईएसआईएस ने कई यज़ीदी महिलाओं का अपहरण किया था। हमने उनमें से अनेक को आघात-निवारण प्रशिक्षण दिया और जीवन कौशल सिखाए। उन्होंने हमें बताया कि अनेक वर्षों के बाद पहली बार वे मुस्कुराई थीं।
हमारे शिक्षकों ने उन्हें उस शांति से जोड़ने में मदद की जो हम सबके भीतर है। इन युवतियों ने तनाव और उस आघात से निपटना सीखा, जिससे गुजरकर वे आयीं थीं। जब उन्होंने अपने भीतर गहरी आंतरिक शांति का अनुभव किया, तो उसे अपने लोगों के साथ भी साझा किया।
नए सिरे से आरंभ करने में कभी देर नहीं होती। पिछले एक वर्ष में आपने जो भी पीड़ा झेली है, उसने आपको कुछ न कुछ सिखाया है। उसने आपको शक्तिशाली बनाया है और कहीं न कहीं आपकी अंतर्दृष्टि को गहरा किया है। अब बस उस बोझ को, अतीत की बाधा को उतार दीजिए और आगे बढ़िए। आपके भीतर एक सुंदर व्यक्ति है, जो अभिव्यक्ति की प्रतीक्षा कर रहा है।
याद रखें, आप यहाँ सदा के लिए नहीं हैं। साथ ही जागकर देखें और यह समझें कि जीवन केवल सुख से भरा नहीं है, फूलों के साथ काँटे भी होते हैं। अतीत में भी चुनौतियाँ आपके सामने आई हैं, लेकिन आपने उन्हें पार किया है, है न? जीवन को व्यापक संदर्भ में देखना सीखें। यह इमारत यहाँ रहेगी। सब कुछ यहाँ रहेगा। आपने जो कुछ बनाया है, वह भी यहाँ रहेगा। लेकिन क्या आप यहाँ सदा रहेंगे? नहीं, तो क्या आप इस धरती को निराशा और कुंठा के साथ छोड़ना चाहेंगे? कदापि नहीं।
जो बातें आपको रुचिकर नहीं हैं, जब वे आपके साथ होती हैं, तो वे आपको अधिक सशक्त, संवेदनशील और अंतर्दृष्टिपूर्ण बनाती हैं। इसके साथ-साथ, सभी सकारात्मक अनुभव आपके जीवन-दृष्टिकोण को विस्तार देते हैं। कठिन समय आपके भीतर से सर्वश्रेष्ठ को बाहर लाता है, और सुखद समय दुनिया का सर्वश्रेष्ठ आपको देता है। जीवन इन दोनों का समन्वय है।
हर असफलता आपके विराट स्वरूप की तुलना में लघु होती है। वह आपकी पूरी आत्मा को मिटा नहीं सकती। जो सफलताएँ मिलती हैं, वे भी बहुत महान नहीं होतीं। आप इन सबसे कहीं अधिक बड़े हैं। दुनिया में सफलता एक बात है, और जीवन में सफलता दूसरी बात। यह आवश्यक नहीं कि जो दुनिया में सफल है, वही जीवन में भी सफल हो।
बिना किसी प्रतिबंध के आनंद का अनुभव, सफलता की मेरी यही परिभाषा है। मैं देख रहा हूँ, क्या आप अपने ऊपर काम कर रहे हैं, क्या आपके चेहरे पर ऐसी मुस्कान है जिसे कोई भी छीन नहीं सकता है। क्या आपके भीतर ऐसा आत्मविश्वास है जो कभी डगमगाता नहीं है ? तब मैं कहूँगा कि आप सफल हैं।
हर परिस्थिति में आपको अपने प्राण या जीवनी-शक्ति को उन्नत करना होता है। जब प्राण कम होते हैं, तो आत्मविश्वास भी कम होता है और चुनौतियाँ अजेय लगने लगती हैं। जब आप अपनी क्षमता से अनभिज्ञ रहते हैं, तो दुखी होते हैं। चुनौतियाँ ही आपके भीतर शौर्य, करुणा, गतिशीलता और किसी बड़े उद्देश्य के प्रति आपकी प्रतिबद्धता को जाग्रत करने में सहायक हैं।
इसलिए जीवन में आगे बढ़ते रहिए, यह याद रखते हुए कि आप अग्नि हैं! जब आप जानते हैं कि आप अग्नि हैं, तो कुछ भी आपको जला नहीं सकता। अतीत को जाने दें और जीवन को उसकी पूर्णता में स्वीकार करें।