Publish Date: Thu, 26 Feb 2026 (22:51 IST)
Updated Date: Thu, 26 Feb 2026 (22:53 IST)
मथुरा की गली-गली में होली का धमाल दिखाई दे रहा है। होली महोत्सव में.देश-विदेश से श्रद्धालु आए हुए हैं। इसके चलते विश्वप्रसिद्ध बरसाना की लट्ठमार होली में अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। श्रीराधा रानी मंदिर मार्ग पर अचानक बढ़ी भीड़ के दबाव से कुछ श्रद्धालु सुदामा चौक पर असंतुलित होकर गिर पड़े। इसमें लगभग आधा दर्जन लोगों को हल्की चोटें आईं। हालांकि पुलिस और प्रशासन की सतर्कता के चलते अप्रिय स्थिति टल गई। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
रंगीली होली के मौके पर हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए श्रीराधा रानी मंदिर की तरफ बढ़ रहे थे। पुलिस-प्रशासन को पहले से ही उम्मीद थी कि भीड़ का दबाव बढ़ सकता है। इसके चलते श्रृद्धालुओं को नियंत्रित करने के लिए बॉक्स सिस्टम लागू (बैरियर लगाकर) किया गया था। इसके तहत श्रद्धालुओं को एक निर्धारित घेरे से दूसरे घेरे में क्रमवार आगे बढ़ाया जा रहा था। संजय वकील तिराहा के समीप जैसे ही बैरियर खोला गया, दर्शन की उत्सुकता में लोग तेजी से आगे बढ़ने लगे। इसी जल्दबाजी में कुछ लोग भीड़ के दबाव में गिर गए।
पीछे से लगातार बढ़ते दबाव के कारण स्थिति बिगड़ने की आशंका पैदा हो गई थी। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल सक्रियता के साथ सूझबूझ का परिचय देते हुए गिरे हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल लगाया। प्रशासन ने प्लानिंग के.मुताबिक व्यवस्था संभालते हुए मार्ग को पुनः व्यवस्थित किया। इससे आवागमन सुचारू रूप से जारी रह सका।
घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। समय रहते उठाए गए कदमों के कारण बड़ा हादसा टल गया। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे धैर्य और अनुशासन बनाए रखें ताकि होली का उत्सव सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। Edited by : Sudhir Sharma