Publish Date: Mon, 09 Feb 2026 (12:31 IST)
Updated Date: Mon, 09 Feb 2026 (13:00 IST)
Kanpur Viral Video : उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक निजी बैंक की महिला कर्मचारी और कस्टमर के बीच तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में कर्मचारी गुस्से में धमकी देती नजर आ रही है। पुलिस का कहना है कि अभी तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है, शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि पनकी थाना क्षेत्र स्थित निजी बैंक की शाखा में आस्था सिंह नाम की महिला कर्मचारी कार्यरत हैं। आस्था एक महिला कस्टमर से किसी बात को लेकर भिड़ गई। दोनों के बीच किसी बात को लेकर जमकर बहस हुई। किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह से बैंक कर्मी आस्था सिंह आक्रामक हैं। इस दौरान उन्होंने लैपटॉप उठाया और कस्टमर को फेंककर मारने की धमकी दी। इस दौरान बैंक की अन्य महिला कर्मचारी आस्था सिंह को रोकती नजर आई।
आस्था सिंह कस्टमर से कहती हैं- 'तुम अपने पति को समझाओ यार।' इस पर महिला कस्टमर दूसरी बैंक कर्मियों से कहती हैं- 'मैं उनको भी बोल रही हूं। लेकिन इनकी लैंग्वेज गलत है, इनको समझाओ। मैंने बहन बोला था, यदि कैमरा हो तो उसमें देख सकते हैं।' आस्था सिंह कहती हैं- 'यह कह रहा है कि तू मेरी लैंग्वेज नहीं सुधार पाएगी। तेरी ऐसी की तैसी। ठाकुर हूं।
हालांकि इस मामले में कोई प्रकरण दर्ज नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि उनके पास किसी तरह का शिकायती पत्र नहीं आया है। अगर शिकायत आई तो मामले में कार्रवाई करेंगे।
edited by : Nrapendra Gupta