Publish Date: Mon, 18 May 2026 (11:45 IST)
Updated Date: Mon, 18 May 2026 (11:53 IST)
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में सोमवार सुबह ईसानगर थाना क्षेत्र के NH-730 पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। तेज रफ्तार ट्रक और टाटा मैजिक की आमने-सामने की टक्कर में 9 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल जिंदगी से जंग लड़ रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख जताया है।
सुबह लगभग 7 बजे के करीब ईसानगर थाना क्षेत्र के उचगांव-भरेहता मार्ग पर तेज गति से आ रहे ट्रक और मैजिक वाहन में आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि मैजिक वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार नौ लोग अपनी जिंदगी खो चुके है और एक घायल जिंदगी से जंग लड़ रहा है।
मैजिक में मजदूरी के लिए जा रहे थे
पुलिस के मुताबिक मैजिक में 10 लोग सवार होकर मजदूरी के लिए जा रहे थे, तभी तीव्र गति से आते हुए ट्रक और मैजिक आमने-सामने से टकरा गये, जिसमें मैजिक सवार नौ मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, एक घायल को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया है। घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
कैसे हुआ हादसा?
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान चलाकर शवों को वाहन से बाहर निकाला। बाद में सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना की खबर मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
edited by : Nrapendra Gupta