Publish Date: Wed, 13 May 2026 (09:06 IST)
Updated Date: Wed, 13 May 2026 (10:20 IST)
उत्तर प्रदेश मेरठ जिले के लोहिया नगर क्षेत्र में STF और पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में एक शातिर अपराधी मारा गया। मारे गए अपराधी के पास से का दो पिस्टल व भारी मात्रा में कारतूस बरामद हुए है। मारे गये अपराधी की पहचान एक लाख रुपये का इनामी बदमाश जुबैर उर्फ जुबैर पुत्र रफतउल्ला के रूप में हुई है।
यह मुठभेड़ मंगलवार सुबह 4 बजे के लगभग थाना लोहिया नगर क्षेत्र के अलीपुर इलाके में हुई। एसटीएफ से मिली जानकारी के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान ग्राम नौशा थाना बरला जनपद अलीगढ़ निवासी जुबैर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे उपचार के लिए मेरठ मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंची, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वर्तमान में वह दिल्ली के शाहीन बाग क्षेत्र में रह रहा था।
पुलिस ने मुठभेड़ घटनास्थल से एक मोटरसाइकिल, दो अवैध 32 बोर पिस्टल, भारी मात्रा में खोखा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
मुनीर गैंग का सक्रिय सदस्य था जुबैर
अधिकारियों के अनुसार जुबैर कुख्यात मुनीर गैंग का सक्रिय सदस्य था और लंबे समय से हत्या, लूट, डकैती और अन्य गंभीर अपराधों में वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ अलीगढ़ और दिल्ली समेत विभिन्न थानों में करीब दो दर्जन से अधिक मुकदमे विभिन्न जिलों में दर्ज हैं।
जुबैर पर अलीगढ़ पुलिस द्वारा एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। वह 24 दिसंबर 2025 को थाना सिविल लाइन क्षेत्र में राव दानिश हिलाल की हत्या के मामले में भी वांछित था। इस मामले में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर गोली मारकर हत्या की थी। घटना के संबंध में थाना सिविल लाइन में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
कई संगीन मामलों में था आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार जुबैर के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कुल 24 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें अलीगढ़ के सिविल लाइन, क्वार्सी, बन्नादेवी तथा दिल्ली के साउथ ईस्ट जिले के कई थानों में दर्ज मामले शामिल हैं।
एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। जुबैर लंबे समय से अपराध जगत में सक्रिय था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन हर बार वह चकमा देकर हर बार फरार हो जाता था। इस शातिर इनामी की मौत के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है।
edited by : Nrapendra Gupta