राष्ट्रीय राजधानी में नो पीयूसी, नो फ्यूल अभियान के तहत 3,700 से अधिक वाहनों का चालान किया गया, जबकि लगभग 570 गैर-अनुपालन करने वाले या गैर-निर्दिष्ट वाहनों को 24 घंटे के भीतर दिल्ली की सीमाओं से वापस भेज दिया गया। दिल्ली यातायात पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीमों ने अभियान के पहले दिन राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश के प्रमुख बिंदुओं पर लगभग 5,000 वाहनों की जांच की।
पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने गुरुवार को दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर, जनपथ सहित कई पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण कर अभियान के पालन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पंप स्टाफ को नियमों का सख्ती से पालन कराने के साथ-साथ वाहन चालकों से विनम्रता से पेश आने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान चालान से ज्यादा लोगों की सेहत और साफ हवा से जुड़ा है। Edited by : Sudhir Sharma