Publish Date: Wed, 27 May 2026 (14:42 IST)
Updated Date: Wed, 27 May 2026 (14:50 IST)
Patiala Blue Drum Case: पंजाब में पटियाला के अर्बन स्टेट थाना क्षेत्र में कूड़े के ढेर में पड़े एक नीले प्लास्टिक ड्रम से 15 से 20 साल की लड़की की लाश मिलने के बाद सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में यह हत्या का मामला लग रहा है। पुलिस का यह भी कहना है कि लड़की की हत्या कहीं और की गई है, जबकि पहचान छिपाने के लिए शव को ड्रम में बंद कर यहां फेंका गया है। उल्लेखनीय है कि पिछले साल मार्च 2025 में मेरठ में एक महिला ने अपने प्रेमी की मदद से अपने पति की हत्या कर उसे नीले ड्रम में सीमेंट-कंक्रीट से भर दिया था। इसके बाद नीला ड्रम काफी चर्चा में आया था।
कूड़े के ढेर में छिपा था खौफनाक राज!
शुरुआत में लोग इसे महज एक साधारण कचरे का ड्रम समझ रहे थे, लेकिन जैसे ही उससे उठती सड़न और बदबू ने हवाओं को भारी किया, इलाके में शक की चिंगारी भड़क उठी। स्थानीय लोगों की सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची और भारी तनाव के बीच जैसे ही उस नीले ड्रम का ढक्कन खोला गया, वहां मौजूद हर शख्स के पैरों तले जमीन खिसक गई। ड्रम के अंदर कोई कचरा नहीं, बल्कि एक 15 से 20 साल की किशोरी की लाश मिली।
पहचान मिटाने की साजिश
यह सिर्फ एक साधारण कत्ल नहीं है, बल्कि इसके पीछे किसी बेहद शातिर दिमाग की गहरी साजिश नजर आ रही है। मेरठ के नीले ड्रम कांड की तरह ही यहां भी कातिलों ने लाश को ठिकाने लगाने और अपनी पहचान छुपाने के लिए इस नीले ड्रम को अपना हथियार बनाया। पुलिस के आला अधिकारियों का शुरुआती अनुमान है कि लड़की की हत्या कहीं और बेहद बेरहमी से की गई और फिर सबूत मिटाने के इरादे से लाश को ड्रम में बंद कर पटियाला के इस सूने इलाके में फेंक दिया गया।
इलाके में दहशत
इस खौफनाक मंजर को देखकर इलाके में दहशत और खौफ का माहौल है। मृतका के कपड़ों और हुलिए को देखकर यह अंदेशा भी जताया जा रहा है कि वह किसी दूसरे राज्य की हो सकती है। पुलिस अब इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि क्या कातिल ने मेरठ के उस चर्चित ड्रम कांड से ही इस वारदात का आइडिया लिया था?
फॉरेंसिक टीम और CCTV फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
वारदात की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने मौके से कई अहम सबूत जुटाए हैं। ASI गुरविंदर सिंह के मुताबिक पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे तमाम CCTV कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि उस गाड़ी या शख्स का सुराग मिल सके जो इस मौत के ड्रम को यहां छोड़कर गया था। इसके साथ ही आसपास के राज्यों के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही हैं।
आखिर कौन थी यह मासूम लड़की? किसने इतनी बेरहमी से उसकी जान ली? पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद मौत के इस राज से पर्दा उठेगा, लेकिन इस नीले ड्रम ने एक बार फिर समाज के भीतर छिपे दरिंदों के खौफनाक चेहरे को बेनकाब कर दिया है।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
About Writer
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें