Publish Date: Thu, 09 Apr 2026 (10:44 IST)
Updated Date: Thu, 09 Apr 2026 (10:50 IST)
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद को जान से मारने की धमकी की गई है। 1 अप्रैल से उन्होंने टेक्स्ट मैसेज के साथ ही फोन पर भी अतीक अहमद की तरह हत्या करने की धमकी दी जा रही है। मामले से संत समाज में आक्रोश नजर आ रहा है।
बताया जा रहा है कि ज्योतिर्मठ के आधिकारिक मोबाइल नंबर पर 1 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 10:25 से 10:35 बजे के बीच लगातार आपत्तिजनक टेक्स्ट मैसेज भेजे गए। इसके बाद नंबर को ब्लॉक किए जाने पर 6 अप्रैल को दोपहर 1:55 और 1:57 बजे वॉइस मेल के जरिए अभद्र और धमकीपूर्ण ऑडियो संदेश भेजे गए। इन संदेशों में न सिर्फ अपशब्दों का प्रयोग किया गया है, बल्कि शंकराचार्य को जान से मारने की खुली धमकी भी दी गई है।
शंकराचार्य 'गौ माता–राष्ट्रामाता' अभियान के तहत देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग को लेकर सक्रिय हैं। 3 मई से उत्तर प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में उनकी 'गविष्ठी यात्रा' प्रस्तावित है। इसके माध्यम से वे लोगों को गौ संरक्षण के प्रति जागरूक करने और हर विधानसभा क्षेत्र में रामा गौ धाम स्थापित करने के लिए प्रेरित करेंगे।
शंकराचार्य के अनुयायियों का आरोप है कि गौ रक्षा जैसे धार्मिक और सामाजिक मुद्दे पर आवाज उठाने के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि इस तरह की धमकियां सुनियोजित साजिश का हिस्सा हो सकती हैं।
स्वामी प्रत्यक्चैतन्यमुकुन्दानन्द गिरि ने जानकारी देते हुए कहा कि यह बेहद गंभीर विषय है और इसे हल्के में नहीं लिया जा सकता। शंकराचार्य के अधिवक्ताओं द्वारा जल्द ही संबंधित धाराओं में शिकायत दर्ज कराई जाएगी। संत समाज ने भी प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
edited by : Nrapendra Gupta
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
Publish Date: Thu, 09 Apr 2026 (10:44 IST)
Updated Date: Thu, 09 Apr 2026 (10:50 IST)