Publish Date: Wed, 13 May 2026 (14:50 IST)
Updated Date: Wed, 13 May 2026 (15:47 IST)
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने बुधवार को फ्लोर टेस्ट पास करते ही अपने ज्योतिषी रिकी राधन पंडित वेत्रिवेल को OSD के पद से हटा दिया। TVK सरकार ने मंगलवार को ही वेत्रिवेल को विजय का ओएसडी बनाया था। यह वही ज्योतिषी हैं जिन्होंने विधानसभा चुनावों में विजय की बड़ी जीत की भविष्यवाणी की थी।
रिकी राधन पंडित को ओएसडी बनाए जाने से टीवीके के सहयोगी नाराज थे। विपक्ष ने भी फैसले की कड़ी आलोचना की थी। बहरहाल नियुक्ति पर मचे बवाल को देखते हुए विजय सरकार ने मात्र 24 घंटे में ही अपना ही फैसला पलट दिया। सरकार के प्रधान सचिव ने एक पत्र में कहा है कि रिकी राधन पंडित वेत्रिवेल की OSD के पद पर नियुक्ति को रद्द किया जाता है।
VCK MLA वाणी अरसु ने सरकार से साइंटिफिक और लॉजिकल सोच पर फोकस करने और उन चीजों पर ध्यान न देने की अपील की जिन्हें ज्यादातर अंधविश्वास माना जाता है। उनका कहना था कि हमारी सरकार को साइंटिफिक सोच को महत्व देना चाहिए, ज्योतिष को नहीं।
कौन हैं रिकी राधन पंडित वेट्रीवेल?
रिकी राधन पंडित वेट्रीवेल को विजय का निजी ज्योतिषी और आध्यात्मिक सलाहकार माना जाता है। अपने LinkedIn प्रोफाइल में राधन ने खुद को 'पॉलिटिकल और सेलिब्रिटी एस्ट्रोलॉजर' बताया है। उन्होंने यह भी दावा किया है कि वे पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता और भाजपा नेता एलके आडवाणी के पसंदीदा ज्योतिषी रह चुके हैं।
विधानसभा चुनाव से काफी पहले वेट्रीवेल ने विजय की कुंडली देखने के बाद कहा था कि राजनीति में उनके पास 'सुनामी जैसी ताकत' है। तमिलनाडु के प्रमुख आध्यात्मिक गुरुओं में गिने जाने वाले वेट्रीवेल ने विधानसभा चुनाव से काफी पहले ही विजय की जीत की भविष्यवाणी कर दी थी। करीब चार दशक से ज्योतिष के क्षेत्र में सक्रिय वेट्रीवेल ने कई बड़े राजनीतिक नेताओं के भविष्य को लेकर भविष्यवाणियां की हैं।
विजय ने पास किया फ्लोर टेस्ट
तमिलनाडु विधानसभा में बुधवार को फ्लोर टेस्ट में विजय सरकार पास हो गई है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को 144 विधायकों का साथ मिला है जबकि विरोध में सिर्फ 22 वोट पड़े। विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन के नेतृत्व में डीएमके ने सदन से वॉकआउट किया।
edited by : Nrapendra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें