Publish Date: Mon, 09 Feb 2026 (14:17 IST)
Updated Date: Mon, 09 Feb 2026 (15:58 IST)
Tarn Taran Student Murder: पंजाब के तरनतारन से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक लॉ कॉलेज की छात्रा की कॉलेज परिसर में बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावर ने छात्रा पर गोलियां बरसाईं और उसके बाद खुद को भी गोली मारकर जान देने की कोशिश की। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की प्रेम-प्रसंग और अन्य एंगल से जांच कर रही है।
आरोपी की हालत गंभीर
यह घटना तरनतारन के एक लॉ कॉलेज की है, जहां क्लास रूम में ही एक छात्र ने छात्रा को गोली मार दी। आरोपी ने छात्रा को निशाना बनाने के बाद खुद को भी गोली मार ली। आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस बीच, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सरेआम हुई इस हत्या ने पंजाब में कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, हमलावर और पीड़िता एक-दूसरे को पहले से जानते थे या नहीं, इसकी जांच के लिए दोनों के मोबाइल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी के पास अवैध हथियार कहां से आया।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala