Publish Date: Fri, 29 May 2026 (12:14 IST)
Updated Date: Fri, 29 May 2026 (13:36 IST)
पहाडों पर हो रही बारिश मैदानी क्षेत्रों में अपना रौद्र रूप दिखाती हुई भी नजर आ रही है। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में स्थित शाकंभरी देवी मंदिर में गुरुवार देर रात अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। शिवालिक पहाड़ियों में हुई तेज बारिश के बाद पानी का तेज बहाव यहां उतर आया, जिससे मंदिर परिसर और आसपास का इलाका कुछ ही मिनटों में जलमग्न हो गया। हादसे में 2 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई वाहन, दुकानें और सामान पानी में बह गए।
प्रत्यक्षदर्शियों श्रद्धालुओं के मुताबिक रात का समय था, दूरदराज से बड़ी संख्या में आए भक्त मंदिर परिसर और आसपास विश्राम के खुले स्थान पर सो रहे थे। तभी अचानक तेज गर्जना के साथ पानी का सैलाब मंदिर परिक्षेत्र की तरफ बढ़ने लगा। देखते ही देखते आराम कर रहे श्रद्धालुओं में अफरातफरी का माहौल बन गया। बच्चे-बूढे, जवान और महिलाएं सभी सुरक्षित स्थानों की तरफ भागते नजर आए।
अति वेग के साथ पानी मंदिर परिसर की तरफ बढ़ रहा था, बाढ़ का बहाव इतना तेज था कि कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, कारें, बाइक और निर्माण कार्य में लगी मशीनें पानी में बह गईं। मंदिर मार्ग पर लगी प्रसाद और खानपान की दुकानों को पानी अपने साथ बहाकर ले गया, जिसमें काफी नुकसान हुआ है। वहीं शाकंभरी क्षेत्र कीचड़ और मलबे से भर गया।
हादसे में दो महिलाओं की जान जाने की सूचना भी मिल रही है,यह महिलाएं देवी दर्शन के लिए आई हुई थीं और अचानक आए पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गईं। जिसके बाद मंदिर परिसर में मातम का माहौल छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं श्रद्धालुओं में भय और दहशत बनी हुई है।
शुक्रवार की सुबह जैसे ही पानी का स्तर कम हुआ तो दिल दहला देने वाली तस्वीरें सामने आईं। नदी किनारे कई वाहन मलबे में दबे मिले। स्थानीय लोग और श्रद्धालु घंटों मशक्कत कर अपने वाहनों और सामान को निकालते दिखाई दिए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस-प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। वहीं प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मौसम खराब होने पर नदी-नालों और पहाड़ी क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
Edited By : Chetan Gour