Publish Date: Tue, 10 Mar 2026 (13:19 IST)
Updated Date: Tue, 10 Mar 2026 (13:24 IST)
Uttar Pradesh Crime News: आजमगढ़ से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर पुलिस के भी होश उड़ गए। दरअसल, 55 साल के अमरजीत मौर्य को 'दूल्हा' बनने का ऐसा चस्का लगा है कि वह सातवीं बार दुल्हन लाने की तैयारी कर रहा है। हद तो तब हो गई जब पिता के इस शौक की कीमत उनके 12वीं में पढ़ने वाले बेटे को पढ़ाई छोड़कर मजदूरी करना पड़ रही है। जमीन गिरवी है, सिर पर कर्ज का पहाड़ है, लेकिन बाप है कि मानने को तैयार नहीं है।
बेटे की पुलिस से गुहार
पुलिस के मुताबिक यह मामला अहरौला थाना क्षेत्र के एक गांव का है। 12वीं का एक छात्र अपनी गुहार लेकर थाने पहुंचा। उसने पुलिस अधिकारियों को बताया कि उसके पिता अमरजीत मौर्य अब तक छह शादियां कर चुके हैं और 7वीं की तैयारी कर रहे हैं। लड़के ने पुलिस को बताया कि शादी के लिए पिता ने जमीन गिरवी रख दी और 50 हजार रुपए का कर्ज भी लिया है।
जमीन गिरवी रखी, 50 हजार का कर्ज
शिकायत करने वाला बेटा उसकी तीसरी पत्नी की संतान है। 12वीं का छात्र शनि बोर्ड परीक्षा देने के लिए जब घर लौटा तो पता चला कि पिता सातवीं शादी के लिए 50 हजार रुपए का कर्ज ले चुके हैं। अपनी रंगीनी के चक्कर में अमरजीत ने घर की आधी से ज्यादा जमीन पहले ही गिरवी रख दी है।
शनि ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था, लेकिन पिता के कर्ज को चुकाने के लिए उसे पढ़ाई छोड़कर मजदूरी करनी पड़ रही है। अहरौला पुलिस अब इस 'अनोखे' मामले की जांच कर रही है और पिता-पुत्र को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ की जा रही है।
Edited by: vrijendra Singh Jhala
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।वेबदुनिया रिसर्च टीम....
और पढ़ें