Publish Date: Thu, 26 Feb 2026 (16:13 IST)
Updated Date: Thu, 26 Feb 2026 (16:14 IST)
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। मामला कोटद्वार के जिम ट्रेनर दीपक कुमार से जुड़ा है, जिन्होंने साम्प्रदायिक विवाद के दौरान एक मुस्लिम व्यापारी को भीड़ से बचाने का दावा किया था और खुद को मोहम्मद दीपक बताया था।
पौड़ी गढ़वाल में एक कार्यक्रम के दौरान धामी ने कहा कि कुछ दिन पहले आपके पड़ोस कोटद्वार में एक घटना हुई। कोई अपने नाम के आगे क्या लगाता है, इससे हमें क्या लेना-देना? लेकिन जैसे ही नाम के साथ मोहम्मद जुड़ा, कांग्रेस पार्टी के युवराज उन्हें अपने महल में बुलाकर इफ्तार पार्टी करने लगे। सोमवार को राहुल गांधी ने दिल्ली में मोहम्मद दीपक से मुलाकात की। बताया गया कि दीपक ने एक दुकानदार का बचाव किया था। इसके बाद उनका कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ।
इस मुलाकात पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री धामी ने तंज कसते हुए कहा कि जब वह सिर्फ दीपक थे, तब कांग्रेस नेता ने ध्यान नहीं दिया, लेकिन जैसे ही नाम के साथ मोहम्मद जुड़ा, उन्हें इफ्तार पार्टी में बुला लिया गया।
Edited by : Sudhir Sharma