Chief Minister Pushkar Singh Dhami: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जिस प्रकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में शीतकालीन पर्यटन की ब्रांडिंग की है, उससे स्पष्ट है कि इस शीतकाल में देश-विदेश से उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों की संख्या एक बार फिर नया कीर्तिमान स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी इस दिशा में में निरंतर काम कर रही है।
उत्तराखंड बनाएगा कीर्तिमान : मुख्यमंत्री धामी ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में हमारी सरकार उत्तराखंड को प्राकृतिक, आध्यात्मिक और साहसिक पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करने हेतु निरंतर कार्य कर रही है। जिस प्रकार प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम में शीतकालीन पर्यटन की ब्रांडिंग की है, उससे स्पष्ट है कि इस शीतकाल में देश-विदेश से उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों की संख्या एक बार फिर नया कीर्तिमान स्थापित करेगी।
धामी ने आभार प्रकट किया : उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी ने सैलानियों से अपील की है कि वह सर्दियों में उत्तराखंड घूमने के लिए जाएं। मोदी मन की बात कार्यक्रम में करीब ढाई मिनट उत्तराखंड पर बोले। मुख्यमंत्री धामी ने पीएम का आभार प्रकट करते हुए कहा कि वे उत्तराखंड टूरिज्म के सबसे बड़े ब्रांड एंबेसडर हैं।
दूसरी ओर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की ओर से मन की बात कार्यक्रम में राज्य के विंटर टूरिज्म की तारीफ हौसला बढ़ाने वाली है।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala