Publish Date: Wed, 27 May 2026 (09:48 IST)
Updated Date: Wed, 27 May 2026 (09:58 IST)
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ सिलीगुड़ी साइबर थाने में FIR दर्ज की गई है। ममता पर आरोप है कि उन्होंने 2025 में कोलकाता में आयोजित ईद कार्यक्रम के दौरान सनातन और हिंदू धर्म को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। हालांकि, इस मामले पर ममता की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
शिकायतकर्ता वकील रिंकी चटर्जी ने आरोप लगाया कि एक धार्मिक सभा में ममता बनर्जी ने सनातन धर्म को कथित रूप से गंदा धर्म कहा। ममता के बयान से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने साल 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान भी हिंदू समुदाय को परोक्ष रूप से डराने और धमकाने का काम किया था। ऐसे बयानों का उद्देश्य मतदाताओं के मन में भय पैदा कर चुनावी लाभ उठाना और सामाजिक व सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ना था।
शिकायतकर्ता ने शिकायत में कहा गया है कि तृणमूल कांग्रेस के कुछ नेता पहले भी हिंदू धर्म को लेकर विवादित बयान देते रहे हैं। रिंकी के मुताबिक उन्होंने 2025 में भी शिकायत करने की कोशिश की थी लेकिन तब उनकी नहीं सुनी गई और उन्हें प्रताड़ित भी किया गया था।
ममता पर लगी ये धाराएं
ममता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के कई नियमों के तहत FIR दर्ज की है। आरोपों में क्रिमिनल धमकी के लिए सेक्शन 351(1) और शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर बेइज्जती करने के लिए सेक्शन 352 शामिल हैं। उन पर धारा 353 यानी विभिन्न धार्मिक और सामाजिक समुदायों के बीच नफरत, शत्रुता या वैमनस्य की भावना को बढ़ावा देना, भी लगाई गई है।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल चुनाव में करारी हार के बाद ममता बनर्जी, उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के बुरे दिन शुरू हो गए हैं। लगातार बढ़ते दबाव के बीच बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पार्टी छोड़कर जा रहे हैं।
edited by : Nrapendra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें