Publish Date: Mon, 04 May 2026 (14:43 IST)
Updated Date: Mon, 04 May 2026 (14:48 IST)
गोंडा में होने वाले नेशनल कुश्ती टूर्नामेंट को लेकर विवाद बढ़ गया है। विनेश फोगाट ने सुरक्षा और पक्षपात की आशंका में स्थल बदलने की मांग की, जिसे WFI अध्यक्ष संजय सिंह ने ठुकराते हुए खुद सुरक्षा की गारंटी ली है। वहीं, विनेश ने चेतावनी दी है कि किसी भी अप्रिय घटना के लिए सरकार जिम्मेदार होगी। 10-12 मई तक होने वाले इस टूर्नामेंट में विनेश 57 किलो वर्ग में हिस्सा लेंगी।
भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने साफ कहा कि गोंडा में होने वाले नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट का स्थान नहीं बदला जाएगा और उन्होंने विनेश फोगाट की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी ली है। ये भरोसा तब दिया गया जब विनेश ने सुरक्षा और पक्षपात को लेकर चिंता जताई थी। विनेश ने रविवार को चेतावनी दी कि अगर गोंडा में होने वाले टूर्नामेंट के दौरान उनके या उनकी टीम के साथ कुछ गलत होता है तो इसके लिए भारत सरकार जिम्मेदार होगी। साथ ही उन्होंने मुकाबलों में पक्षपात की भी आशंका जताई। विनेश ने करीब 18 महीने बाद वापसी से पहले एक वीडियो में कहा कि बृज भूषण शरण सिंह से जुड़े स्थान पर होने वाली प्रतियोगिता के नतीजों पर डब्ल्यूएफआई के पूर्व अध्यक्ष के करीबी लोग असर डाल सकते हैं।
संजय सिंह ने एक बयान में कहा, अगर विनेश को अपनी सुरक्षा की चिंता है तो मैं उन्हें भरोसा दिलाता हूं कि मैं खुद इसकी गारंटी लेता हूं। हमारे पास यूडब्ल्यूडब्ल्यू से मान्यता प्राप्त रेफरी हैं और सभी मुकाबलों की रिकॉर्डिंग होती है, इसलिए पक्षपात की कोई गुंजाइश नहीं है। उन्होंने कहा, ये ओपन टूर्नामेंट है, इसमें भाग लेना या न लेना विनेश फोगाट का फैसला है। हम आयोजन स्थल नहीं बदलेंगे। टूर्नामेंट 10 से 12 मई तक चलेगा। पहले दिन पुरुषों के फ्रीस्टाइल ट्रायल होंगे, फिर ग्रीको-रोमन (11 मई) और महिलाओं की स्पर्धा (12 मई) होगी। विनेश 57 किलो वर्ग में उतरेंगी। उन्होंने दिन में अपनी चिंता जाहिर की थी।
About Writer
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम....
और पढ़ें