संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने सीरिया के होम्स में एक मस्जिद पर शुक्रवार की साप्ताहिक विशेष नमाज़ के दौरान हुए घातक हमले की कड़े शब्दों में निन्दा की है। अली बिन अबी तालिब नामक मस्जिद पर हुए इस हमले में कम से कम 8 लोगों के मारे जाने और 18 लोगों के घायल होने की ख़बरें हैं। इस मस्जिद को मुख्य रूप से अलावाइट समुदाय का प्रार्थना स्थल माना जाता है। मीडिया ख़बरों के अनुसार, सराया अंसार अल सुन्ना नामक संगठन ने कथित रूप से इस हमले की ज़िम्मेदारी स्वीकार की है।
ग़ौरतलब है कि सीरिया, दिसम्बर 2024 में तत्कालीन राष्ट्रपति बशर अल असद को सत्ता से हटाए जाने के बाद, राजनीतिक परिवर्तन के दौर से गुज़र रहा है, मगर देश में अब भी सांप्रदायिक और अन्य प्रकार की हिंसा जारी है। यूएन प्रमुख के प्रवक्ता ने एक वक्तव्य में कहा है, महासचिव दोहराते हैं कि आम लोगों और प्रार्थना स्थलों के ख़िलाफ़ हमले अस्वीकार्य हैं। उन्होंने ज़ोर दिया है कि ज़िम्मेदारों की पहचान की जाए और उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाए।
वक्तव्य के अनुसार यूएन प्रमुख ने यह भी ध्यान दिलाया है कि सीरियाई अधिकारियों ने इस हमले की निन्दा की है और आतंकवाद का मुक़ाबला करने और ज़िम्मेदारों को जवाबदेह ठहराने के लिए देश की प्रतिबद्धता दोहराई है। वक्तव्य के अनुसार, यूएन प्रमुख एंतोनियो गुटेरेश ने इस हमले में मारे गए लोगों के परिवारों के साथ शोक संवेदना व्यक्त की है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।