Publish Date: Sun, 01 Feb 2026 (14:56 IST)
Updated Date: Sun, 01 Feb 2026 (15:04 IST)
प्रधानमंत्री ने कहा कि ये बजट अपार अवसरों का राजमार्ग है। ये बजट वर्तमान के सपनों को साकार करता है और भारत के उज्ज्वल भविष्य की नींव को सशक्त करता है। ये बजट 2047 के विकसित भारत की हमारी ऊंची उड़ान का मजबूत आधार है। आज भारत जिस रिफॉर्म एक्सप्रेस पर सवार है, इस बजट से उसे नई ऊर्जा, नई गति मिलेगी। ये बजट भारत की वैश्विक भूमिका को नए सिरे से सशक्त करता है। भारत के 140 करोड़ नागरिक फास्टेस्ट इकोनॉमी बनकर ही संतुष्ट नहीं हैं। हम जल्द से जल्द दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि इस बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए कई बड़े कदम उठाए गए हैं। डेडिकेटेड फ्रंट कॉरिडोर, देशभर में वाटर वेज का विस्तार, हाई स्पीड रेल कॉरिडोर, टियर 2 और टियर 3 शहरों के विकास पर विशेष ध्यान और शहरों को मजबूत आर्थिक आधार देने के लिए म्युनिसिपल बांड्स को बढ़ावा, ये सारे कदम विकसित भारत की यात्रा की गति को और तेज करेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया के एक विश्वसनीय लोकतांत्रिक साझेदार और विश्वसनीय क्वालिटी सप्तलायर के रूप में भारत की भूमिका लगातार बढ़ रही है। हाल ही में जो बड़ी-बड़ी ट्रेड डिल्स भारत ने की हैं, मदर ऑफ ऑल डिल्स का अधिकतम लाभ भारत के युवाओं को मिले, भारत के लघु और मध्यम उद्योग वालों को मिले, इस दिशा में बजट में बड़े-बड़े कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि हमारे देश में 10 करोड़ से ज्यादा महिलाएं SHGs से जुड़ी हैं और ये बड़ा सफल अभियान रहा है। महिलाओं द्वारा निर्मित और संचालित SHGs का आधुनिक इकोसिस्टम बने, बजट में इसे प्राथमिकता दी गई है। कोशिश यही है कि हर घर में लक्ष्मी जी पधारें।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत की कृषि, डेयरी सेक्टर और फिशरीज को हमारी सरकार ने हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। इस बजट में भी नारियल, कोको, काजू और चंदन की पैदावार से जुड़े किसानों के लिए अनेक अहम कदम उठाए गए हैं।
edited by : Nrapendra Gupta