त्रेता युग की धरोहर गुप्तार घाट पर रामायण के दृश्य होंगे सजीव
योगी सरकार की बड़ी सौगात, गुप्तार घाट पर बन रहा 18 करोड़ का ओपन एयर थिएटर
Publish Date: Mon, 09 Feb 2026 (19:13 IST)
Updated Date: Mon, 09 Feb 2026 (19:21 IST)
Ayodhya News: अयोध्या को योगी सरकार की तरफ से एक और ऐतिहासिक और सांस्कृतिक सौगात मिलने जा रही है। त्रेता युग से जुड़े पौराणिक एवं धार्मिक स्थल गुप्तार घाट अब एक भव्य ओपन एयर थिएटर के रूप में नई पहचान पाने के लिए तैयार है। उत्तर प्रदेश सरकार ने गुप्तार घाट को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने का दृढ़ संकल्प लिया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जब भगवान श्रीराम ने अपना अवतार कार्य पूर्ण कर लिया, तब उन्होंने इसी घाट से सरयू नदी में प्रवेश कर अपनी देह का त्याग किया था और बैकुंठ (परम धाम) को प्रस्थान किया था।
पर्यटन विकास योजना के पहले और दूसरे चरण में घाट का व्यापक कायाकल्प किया जा चुका है। इनमें घाट का सौंदर्यीकरण, वॉटर स्पोर्ट्स सुविधाएं, आधुनिक पार्क, योग-ध्यान केंद्र जैसी अनेक सुविधाएं शामिल हैं। अब इस परियोजना का तीसरा चरण अपने अंतिम दौर में है, जिसमें लगभग 18.34 करोड़ रुपये की लागत से घाट के अंतिम छोर का विकास कार्य किया जा रहा है। उम्मीद है कि यह अत्याधुनिक ओपन एयर थिएटर होली तक आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
जीवंत होंगे रामायणकाल के प्रसंग
इस ओपन एयर थिएटर को रामायण काल के प्रसंगों को सजीव रूप में प्रस्तुत करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। यहां रावण वध, हनुमान जी और जटायु की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जो दर्शकों को रामकथा के गौरवशाली क्षणों से साक्षात्कार कराएंगी। साथ ही परिसर में एक विशाल डिजिटल स्क्रीन भी लगाई गई है, जिस पर भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों पर आधारित फिल्में और दृश्य प्रदर्शित किए जाएंगे।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीराम ने इसी गुप्तार घाट से जल समाधि ली थी और यहीं से सरयू नदी में अंतिम बार प्रवेश किया था। इसी कारण यह स्थल राम भक्तों की आस्था का एक प्रमुख और पवित्र केंद्र माना जाता है।
ओपन एयर थिएटर परिसर में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पार्किंग, पाथवे, टिकट घर, गार्ड रूम, शौचालय ब्लॉक और किचन का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इसके साथ ही विद्युतीकरण और हॉर्टिकल्चर का कार्य भी तेजी से पूरा किया जा रहा है।
पर्यटन को नई दिशा मिलेगी
अयोध्या के कमिश्नर राजेश कुमार ने बताया कि यह थिएटर रामायण के उन दृश्य प्रसंगों को सजीव रूप में प्रस्तुत करेगा, जिन्हें लोग अब तक केवल ग्रंथों में पढ़ते आए हैं। गुप्तार घाट अब केवल धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और मनोरंजन का प्रमुख केंद्र भी बनेगा, जिससे पर्यटन को नई दिशा मिलेगी। राम मंदिर के साथ-साथ गुप्तार घाट का यह विकास राम नगरी को विश्वस्तर पर नई पहचान दिलाएगा। यहां आने वाले श्रद्धालु सरयू में स्नान कर शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का एक साथ अनुभव कर सकेंगे।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala