CM Yogi Adityanath Janta Darshan: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक बेहद भावुक कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है। अक्सर अपने सख्त फैसलों के लिए चर्चा में रहने वाले योगी का एक 'कोमल रूप' उस वक्त देखने को मिला, जब 'जनता दर्शन' के दौरान एक नन्ही बच्ची अनावी अली अपने परिजनों के साथ उनसे मिलने पहुंची। अनावी ने न केवल अपनी मासूमियत से सीएम का दिल जीत लिया, बल्कि एक ऐसी कविता भी सुनाई कि मुख्यमंत्री भी मुस्कुराने से खुद को रोक नहीं पाए।
करा देते हैं एडमिशन
जब नन्ही अनावी अली सीएम योगी के पास पहुंची तो मुख्यमंत्री ने बड़े लाड़ से उसका नाम पूछा। बच्ची ने बिना हिचकिचाए अपना नाम अनावी अली बताया और लोरेटो कॉन्वेंट स्कूल में एडमिशन की इच्छा जताई। मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए तुरंत कहा- 'करा देते हैं'।
उन्होंने बच्ची से तीन बार पूछा कि क्या वह मन लगाकर पढ़ाई करेगी, जिस पर अनावी ने बड़े उत्साह से 'हां' कहा।अनावी ने एक प्रेरणादायक कविता सुनाई- 'हम शेर बच्चे, शेर बच्चे, शेर बच्चे हैं। हम छोटे हैं तो क्या हुआ, हम दिल के सच्चे हैं। हम बड़े होकर देश की शान बढ़ाएंगे... जय हिंद!'
योगी ने बच्ची को दिया उपहार
कविता खत्म होते ही मुख्यमंत्री बच्ची अनावी अली की मासूमियत पर मुस्कुरा उठे। उन्होंने उसकी तारीफ की, उसे चॉकलेट उपहार में दी और उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्ची का एडमिशन लोरेटो कॉन्वेंट स्कूल में सुनिश्चित किया जाए।
उल्लेखनीय है कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर स्थित गोरक्षपीठ और लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री निवास में जनता की समस्याएं सुनते हैं। साथ ही वे वहां मौजूद अधिकारियों को तत्काल समस्या के समाधान के निर्देश भी देते हैं।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala