Publish Date: Sat, 21 Feb 2026 (08:13 IST)
Updated Date: Sat, 21 Feb 2026 (08:57 IST)
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन का परिदृश्य एक बार फिर बदलने जा रहा है। 22 फरवरी 2026 को माननीय प्रधानमंत्री द्वारा दिल्ली–गाज़ियाबाद–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के शेष खंड और मेरठ मेट्रो के 21 किमी सेक्शन का उद्घाटन संभावित है। इसके साथ ही देश का पहला पूर्ण क्षेत्रीय रैपिड रेल कॉरिडोर जनता के लिए पूरी तरह समर्पित हो जाएगा। यह परियोजना राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) द्वारा विकसित की गई है और इसे एनसीआर की जीवनरेखा माना जा रहा है।
दिल्ली अब दूर नही, 52 मिनट में तय होगा मेरठ का सफर
82.15 किमी लंबा दिल्ली–गाज़ियाबाद–मेरठ कॉरिडोर 180 किमी प्रति घंटे की डिजाइन गति के साथ तैयार किया गया है। अभी तक 55 किमी सेक्शन पर नमो भारत ट्रेनें संचालित हो रही हैं। नए खंडों के शुरू होते ही पूरी लाइन जुड़ जाएगी, जिससे दिल्ली से मेरठ तक की यात्रा पहले से कहीं अधिक तेज और सुविधाजनक हो जाएगी। न्यू अशोक नगर से सराय काले खां और मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक के हिस्सों के खुलने से यात्रियों को निर्बाध सफर का अनुभव मिलेगा।
सफर ही नहीं, अनुभव भी बदला है
नमो भारत ट्रेन में 2×2 आरामदायक सीटिंग, मोबाइल चार्जिंग, लगेज रैक, डायनामिक रूट मैप, इमरजेंसी कम्युनिकेशन सिस्टम और प्रीमियम कोच जैसी सुविधाएं दी गई हैं। हर स्टेशन पर प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर लगाए गए हैं, जिससे सुरक्षा और भी मजबूत हुई है। ट्रेनों का निर्माण गुजरात के सावली स्थित Alstom प्लांट में मेक इन इंडिया के तहत किया गया है।
मेरठ मेट्रो: आधे घंटे में पूरा शहर घूमा देंगी
इसी दिन मेरठ मेट्रो का 21 किमी लंबा खंड भी 12 स्टेशनों के साथ जनता को समर्पित किया जाएगा। 135 किमी प्रति घंटे की डिजाइन गति और 120 किमी प्रति घंटे की परिचालन गति के साथ यह देश की सबसे तेज मेट्रो सेवा होगी। तीन कोच वाली प्रत्येक ट्रेन में 700 से अधिक यात्री सफर कर सकेंगे। मेरठ साउथ, शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम स्टेशन नमो भारत और मेरठ मेट्रो दोनों सेवाएं देंगे, जिससे यात्रियों को ट्रेन बदलने में आसानी होगी।
डिजिटल टिकटिंग से सफर आसान
नमो भारत में क्यूआर कोड आधारित टिकटिंग, नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) और मोबाइल ऐप नमो भारत कनेक्ट के जरिए टिकट सुविधा उपलब्ध है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के साथ एकीकृत टिकटिंग से अब एक ही ऐप से नमो भारत और दिल्ली मेट्रो दोनों के टिकट बुक किए जा सकते हैं।.साथ ही, Indian Railway Catering and Tourism Corporation (IRCTC) के साथ समझौते के बाद रेलवे टिकट और नमो भारत टिकट का एंड-टू-एंड इंटीग्रेशन भी संभव हो गया है।
पर्यावरण और महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान
परियोजना में सोलर ऊर्जा, रीजेनरेटिव ब्रेकिंग और वर्षा जल संचयन जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं। अनुमान है कि इस कॉरिडोर से सार्वजनिक परिवहन की हिस्सेदारी 37% से बढ़कर 63% हो जाएगी, जिससे प्रदूषण और ट्रैफिक दोनों में कमी आएगी। महिला कोच, सीसीटीवी निगरानी, महिला ट्रेन ऑपरेटर और सुरक्षित पिक-अप–ड्रॉप ज़ोन जैसी व्यवस्थाएं महिलाओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करती हैं।
विकास की राह होगी आसान, लगेंगे पर
विशेषज्ञों का मानना है कि नमो भारत कॉरिडोर से दिल्ली और मेरठ के बीच आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। बेहतर कनेक्टिविटी से रोजगार, आवास और व्यापार के अवसर बढ़ेंगे और एनसीआर में संतुलित विकास को बल मिलेगा। 22 फरवरी का दिन केवल एक उद्घाटन नहीं, बल्कि एनसीआर की बदलती तस्वीर का प्रतीक होगा, जहाँ दूरी घटेगी, समय बचेगा और विकास की रफ्तार बढ़ेगी। Edited by : Sudhir Sharma