Publish Date: Wed, 18 Mar 2026 (21:29 IST)
Updated Date: Wed, 18 Mar 2026 (21:32 IST)
इस समय पूरा देश घरेलू गैस के संकट से परेशान दिखाई दे रहा है। ऐसे में उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक हैरत में डालने वाली खबर सामने आई है यहां एलपीजी सिलेंडर की किल्लत के चलते चोर भी सक्रिय होकर सिलेंडर चोरी की घटना को अंजाम दे रहें हैं। ताज़ा मामला गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के ब्रजघाट, पलवाड़ा रोड स्थित प्राथमिक विद्यालय आलमगीरपुर का है, जहां चोरों ने स्कूल की रसोई को ही निशाना बना डाला।
मिली जानकारी के मुताबिक चोरों ने स्कूल के रसोईघर का ताला तोड़कर अंदर रखा गैस सिलेंडर और नया चूल्हा चोरी कर लिया। गैस की कमी और लंबी कतारों से बचने के लिए चोरों ने सीधा स्कूल की रसोई पर ही धावा बोला। इस घटना ने न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि बच्चों के भोजन पर भी संकट ला दिया है।
छात्रों का मीड डे मील ठप होने की संभावना
विद्यालय में पढ़ने वाले 62 बच्चों के लिए मिड-डे मील की व्यवस्था अब ठप पड़ने की कगार पर है। स्कूल की इंचार्ज निधि श्रीवास्तव के बताया कि सुबह जब शिक्षक अरविंद कुमार और बच्चे स्कूल पहुंचे तो रसोई का ताला टूटा मिला और अंदर का सामान गायब था। उन्होंने बताया कि एक दिन पहले तक सब कुछ सामान्य था और सिलेंडर में पर्याप्त गैस भी मौजूद थी।
प्रशासन के सामने चुनौती
मौजूदा हालात में नया सिलेंडर मिलना आसान नहीं है। ऐसे में स्कूल प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। अगर जल्द व्यवस्था नहीं हुई, तो बच्चों का खाना लकड़ी के चूल्हे पर धुएं के बीच बनाना पड़ेगा।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आशंका जताई जा रही है कि यह किसी संगठित गिरोह का काम हो सकता है, जो गैस की बढ़ती मांग और कमी का फायदा उठा रहा है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का भरोसा दिलाया है। फिलहाल, स्कूल की टूटी कुंडी और सूनी रसोई यह सवाल जरूर खड़ा कर रही है कि आखिर बच्चों के हक के भोजन तक अब सुरक्षित क्यों नहीं रह गया है। Edited by : Sudhir Sharma