Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

ममता के गढ़ में गरजे पीएम मोदी, TMC पर लगाए गंभीर आरोप, कहा- बंगाल बदलाव के रास्ते पर

Advertiesment
narendra modi west bengal rally
PM Modi Haldiya Rally : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बंगाल के हल्दिया में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि बंगाल में इस बार भाजपा की लहर है। बंगाल बदलाव के रास्ते पर है। उन्होंने कहा कि देश आगे हैं और निर्मम सरकार बंगाल को पीछे धकेल रही है।  
 
उन्होंने कहा कि बंगाल का ये चुनाव सामान्य नहीं है। ये बंगाल के वैभव को फिर से स्थापित करने का चुनाव है। ये विकसित बंगाल की नींव मजबूत करने का चुनाव है, और इसका पहला और सबसे बड़ा कदम होगा... निर्मम सरकार की विदाई। बंगाल ने इस बार हर विपरीत परिस्थिति को पराजित करने का फैसला कर लिया है। भाजपा की विजय, इस उत्साह और उमंग में दिखाई पड़ती है। ये परिवर्तन की आंधी है। ये ​टीएमसी की निर्मम सरकार के जाने का ऐलान है।
 

कभी भारत की प्रगति का आधार था बंगाल 

प्रधानमंत्री ने कहा कि जो बंगाल कभी भारत की प्रगति का आधार था, जो बंगाल कभी भारत की मैन्युफैक्चरिंग और व्यापार को मजबूती देता था, उसी बंगाल को टीएमसी ने विकास के पैमानों पर इतना नीचे ला दिया है। हल्दिया, सदियों पहले भी ऐतिहासिक ताम्रलिप्त एक फलती-फूलती समृद्ध नगरी थी। दुनिया भर के साथ यहां से व्यापार और कारोबार होता था। हल्दिया आधुनिक भारत के बड़े औद्योगिक केंद्रों में से एक था, लेकिन पिछले दशकों में यहां की फैक्ट्रियों में ताले लटक रहे हैं। कभी हल्दिया में लोग काम के लिए आते थे, लेकिन आज काम की तलाश में लोग दूसरे राज्यों की ओर पलायन कर रहे हैं।
 

TMC की राजनीति भय पर आधारित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि टीएमसी की निर्मम सरकार में सिर्फ और सिर्फ घुसपैठियों की “फैक्ट्री” फली-फुली है। टीएमसी की निर्मम सरकार में फर्जी दस्तावेज बनाना और पशुओं की तस्करी इसी का विकास हुआ है। ये इसलिए हुआ क्योंकि टीएमसी की राजनीति भय पर आधारित है। उनकी राजनीति का एक ही केंद्र है भय।
 

बंगाल के युवाओं को डबल धोखा

उन्होंने कहा कि टीएमसी ने बंगाल के युवाओं को डबल धोखा दिया है। यहां प्राइवेट सेक्टर में नौकरियां हैं नहीं... और सरकारी भर्तियों को टीएमसी के मंत्री लूट रहे हैं। टीएमसी के भ्रष्टाचारियों ने हजारों युवाओं के, उनके परिवारों के सपनों को कुचल दिया है। टीएमसी अपने वोट बैंक को खुश करने के लिए, धर्म के आधार पर आरक्षण देने में जुटी है। कोर्ट बार-बार इस साजिश को खारिज करता है। लेकिन तुष्टिकरण की बीमारी ऐसी है कि ये कोर्ट तक को नहीं मानते, संविधान को नहीं मानते।
 

भय को विदाई देंगे

TMC ने सिंडिकेट का गुंडा-राज चलाया है। जहां कटमनी और कमिशन के बिना कुछ नहीं चलता। फैक्ट्रियां भी सिंडिकेट के गुंडाराज से नहीं, सिंडिकेट के भय से नहीं... भरोसे से चल सकती हैं और ये भरोसा सिर्फ भाजपा दे सकती है। जिन-जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है, उन राज्यों का विकास ये भरोसा पैदा करता है कि पश्चिम बंगाल में भी हम ऐसा ही विकास करके दिखाएंगे, और भरोसे के आधार पर करके दिखाएंगे। भय को विदाई देकर रहेंगे। 
edited by : Nrapendra Gupta

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi