Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

कीमतें बढ़ने से गिरा बाजार

हमें फॉलो करें कीमतें बढ़ने से गिरा बाजार
नई दिल्ली (भाषा) , रविवार, 6 जुलाई 2008 (18:17 IST)
कच्चे तेल मूल्य और मुद्रास्फीति दर में तेजी के साथ-साथ बढ़ती राजनीतिक अनिश्चितता की छाया शेयर बाजार पर दिखाई दी और शेयर बाजार भारी गिरावट का रुख प्रदर्शित करते बंद हुए।

बंबई शेयर बाजार में समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान मंदड़ियों ने अपना शिकंजा कस लिया, जिससे यहाँ गिरावट का रुख जारी रहा तथा सेंसेक्स और निफ्टी लगभग तीन प्रतिशत की गिरावट के साथ 15 माह के निम्नतम स्तर को छू गए।

बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों पर आधरित सेंसेक्स सप्ताहांत में पिछले सप्ताहांत के मुकाबले 348.22 अंकों की गिरावट के साथ 13454.00 पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में भी सात सप्ताह की गिरावट के कारण 141.70 अंकों की गिरावट आई है। बाजार विश्लेषकों ने भारतीय शेयर बाजार की उथल-पुथल का कारण कच्चे तेल मूल्यों की भारी तेजी को बताया।

इसके अलावा मुद्रास्फीति की बढ़ी हुई दर भी चिंता का विषय थी। निवेशकों में यह आशंका घर कर गई कि इसके कारण भारतीय रिजर्व बैंक को और भी मौद्रिक उपाय करने पड़ेंगे।

केन्द्र में राजनीतिक अनिश्चितता के वातावरण को लेकर भी दवाब की स्थिति कायम रही। संप्रग सरकार के मुख्य समर्थक वामपंथी दलों ने भारत-अमेरिका परमाणु समझौते को लेकर केन्द्र सरकार से समर्थन वापस लेने की धमकी दी है।

सप्ताह के दौरान पहली बार विश्व बाजार में कच्चे तेल का भाव 145 डॉलर प्रति बैरल को छू गया। इसने इस आशंका को पैदा किया कि इसके कारण आर्थिक विकास प्रभावित होगा।

सप्ताह के दौरान बाजार में निरंतर पूंजी का बहिर्प्रवाह देखने को मिला, क्योंकि विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 733.35 करोड़ रुपए के शेयरों की बिकवाली की। उन्होंने वर्ष 2008 में अभी तक 26571 करोड़ रुपए की बाजार निकासी की है।

घाटे में रहने वाले इंडेक्स में स्माल, कैप और मिड कैप के इंडेक्स भी शामिल हैं। सर्वाधिक गिरावट बीएसई मेटल इंडेक्स में देखने को मिली, जो 9.44 प्रतिशत की गिरावट आई।

उसके बाद बीएसई ऑटो इंडेक्स में 6.98 प्रतिशत एफएमसीजी इंडेक्स में 6.45 प्रतिशत और रीअल्टी इंडेक्स में 5.02 प्रतिशत की गिरावट आई। दूसरी ओर बीएसई सीजी इंडेक्स में 2.34 प्रतिशत तथा बीएसई आईटी इंडेक्स में 1.59 प्रतिशत का लाभ दर्ज हुआ।

कलकत्ता शेयर बाजार में समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान बिकवाली दवाब के कारण 40 शेयरों पर आधारित कलकत्ता सेंसेक्स 745.18 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुआ। यहाँ पिछले सप्ताहांत 44.38 प्रतिशत की तेजी आई थी।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi