Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

तनिष्ठा चटर्जी : 'रोड' से 'जल' तक एक समानांतर यात्रा

हमें फॉलो करें तनिष्ठा चटर्जी : 'रोड' से 'जल' तक एक समानांतर यात्रा
तनिष्ठा ने अलग-अलग राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्मों में कई सारे अवॉर्ड्‌स जीते हैं। वे भारतीय शास्त्रीय संगीत में भी ट्रेंड हैं। उन्होंने पिछले साल लंदन में ठुमरी, दादरा, खयाल और वेस्टर्न कंपोजिशन की प्रस्तुति भी दी।

तनिष्ठा चटर्जी को चाहे हिन्दी के दर्शकों ने बस देव बेनेगल की फिल्म 'रोड, मूवी' में ही देखा हो, लेकिन वे अब तक अपनी उपस्थिति अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दर्ज करवा चुकी हैं। पुणे में जन्मी और दिल्ली में पढ़ी तनिष्ठा की पहचान मोनिका अली के उपन्यास 'ब्रिक लेन' पर 2007 में इसी नाम से बनी ब्रिटिश फिल्म में काम करने से बनी है।

वैसे तनिष्ठा की पहली फिल्म 'स्वराज' को भी नेशनल अवॉर्ड मिला है, लेकिन भारत में उन्हें 'रोड मूवी' के साथ ही जोड़ा जाता है। वैसे 'रोड...' ने भी व्यावसायिक रूप से कोई कमाल नहीं किया, लेकिन इस फिल्म को आलोचकों की काफी सराहना मिली है।

भारत में भी ऑफबीट फिल्में करने पर ध्यान केंद्रित करने वाली तनिष्ठा ने भोपाल गैस कांड पर रवि कुमार की फिल्म 'भोपालः प्रेयर फॉर रेन' में भी काम किया है। इस फिल्म में वे मार्टिन शीन के साथ नजर आएँगी।'

'ब्रिक लेन' में काम पाने के अपने अनुभव को बताते हुए तनिष्ठा कहती हैं कि जब वे फिल्म की प्रोड्‌यूसर सारा गेवरोन से पहली बार मिलीं और ऑडिशन दिया तब उन्होंने जींस-टी-शर्ट पहना हुआ था। हालाँकि उन्होंने बहुत अच्छा किया था, लेकिन सारा इस बात को लेकर निश्चिंत नहीं थीं कि वे स्क्रीन पर तीन बच्चों की माँ के किरदार में विश्वसनीय लगेंगी, क्योंकि जींस-टी-शर्ट में वे बहुत छोटी लग रही थीं।

अगले दिन तनिष्ठा ने साड़ी पहनकर और अपने बालों को बाँधकर जब ऑडिशन दिया, तब जाकर उन्हें यह रोल मिला। वे स्पष्ट करती हैं कि अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्‌स में चाहे आप कितने ही बड़े स्टार हों, आपको हर बार ऑडिशन देना ही होगा, जबकि बॉलीवुड के कलाकारों को ऑडिशन देने की आदत ही नहीं रहती है, इसीलिए अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्‌स उन्हें ज्यादा नहीं मिल पाते हैं।

चाहे बॉलीवुड को इसकी खबर न हो, लेकिन तनिष्ठा पिछले कुछ सालों से काफी व्यस्त हैं। फिलहाल उन्हें समानांतर सिनेमा की महारानी कहा जाने लगा है। तनिष्ठा जल्द ही 'जल' में दिखाई देंगी। कच्छ पर बनी इस फिल्म में वे एक कच्छी महिला की भूमिका निभा रही हैं।

भारत में भी उन्हें कई अच्छे रोल मिल रहे हैं, लेकिन फिर भी वे अंतरराष्ट्रीय सिनेमा में व्यस्त हैं। वे लुसी ल्यु की फिल्म सिरीज 'हाफ द स्काय : द सिक्स स्टोरीज' में मुख्य भूमिका निभा रही हैं। यह मूलतः पूरी दुनिया में महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर सीरिज के तौर पर बनाई जा रही है।
इसी के साथ वे एमा थॉम्पसन और ओमपुरी की फिल्म 'सोल्ड' में भी काम कर रही हैं। यह भारत और नेपाल में मानव तस्करी पर बनाई जा रही है। तनिष्ठा ने अलग-अलग राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्मों में कई सारे अवॉर्ड्‌स जीते हैं।

इसके अलावा वे भारतीय शास्त्रीय संगीत में भी ट्रेंड हैं। उन्होंने पिछले साल लंदन के रॉयल ओपेरा हाउस में संगीतकार जोसलिन पोक के साथ ठुमरी, दादरा, खयाल और वेस्टर्न कंपोजिशन की प्रस्तुति भी दी।

इसके बाद भी तनिष्ठा ने अपना ध्यान फिल्मों पर केंद्रित रखा है और उसमें भी वे व्यावसायिक फिल्मों में खुद को बहुत ज्यादा सहज नहीं पाती हैं। इसलिए वे ज्यादातर रियलिस्टिक फिल्मों पर फोकस किए हुए हैं, उनमें भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की फिल्मों पर...।

- कार्तिका देशमुख


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi