Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

रोडसाइड रोमियो : रोमियो-लैला का रोमांस

हमें फॉलो करें रोडसाइड रोमियो : रोमियो-लैला का रोमांस

समय ताम्रकर

IFM
निर्माता : आदित्य चोपड़ा
निर्देशक : जुगल हंसराज
संगीत : सलीम-सुलेमान

वाल्ट डिज़्नी पिक्चर्स और यशराज फिल्म्स जैसे निर्माता मिलना किसी भी निर्देशक की मनमाफिक मुराद पूरी होने जैसा है। ये निर्देशक की काबिलियत पर निर्भर करता है कि वह उपलब्ध संसाधनों का कैसे उपयोग करता है।

अभिनेता से निर्देशक बने जुगल हंसराज को पहली फिल्म में इतने बड़े बैनर्स मिल गए। थ्रीडी एनिमेशन फिल्म बनाने का जिम्मा उन्हें सौंपा गया, लेकिन अफसोस कि जुगल अपनी तरफ से कुछ भी नया नहीं सोच पाए।

कहानी ऐसी लिखी कि कोई भी लिख दे। दृश्य कुछ पुरानी फिल्मों से उठा लिए गए। पात्रों के संवाद बोलने की अदायगी में भी शाहरुख खान, धर्मेन्द्र, शत्रुघ्न सिन्हा जैसे कलाकारों की झलक मिलती है।

रोमियो नामक कुत्ते की जिंदगी में तब भूचाल आ जाता है जब उसका मालिक लंदन चला जाता है और रोमियो को मुंबई की गलियों में भटकने के लिए छोड़ दिया जाता है। गली के आवारा कुत्ते रोमियो को परेशान करते हैं, लेकिन चालाक रोमियो अपने आपको उनसे बेहतर साबित कर देता है।

webdunia
IFM
रोमियो का दिल आ जाता है लैला पर, जो एक क्लब में डांस करती है। लैला को कोई प्यार नहीं कर सकता क्योंकि चार्ली अन्ना नामक डॉन उसे अपनी गर्लफ्रेंड मानता है। लैला का दिल जीतकर रोमियो चार्ली से दुश्मनी मोल लेता है। ये दुश्मनी तब दोस्ती में बदल जाती है जब कुत्ते पकड़ने वाली गैंग से चार्ली की जान रोमियो बचाता है।

फिल्म का निर्माण बच्चों को ध्यान में रखकर किया गया है, लेकिन इसकी कहानी वयस्कों को अपील करती है। ऐसे लम्हें बहुत कम आते हैं जब बच्चों को मजा आए।

फिल्म का एनिमेशन अद्‍भुत है और इसी वजह से फिल्म बाँधकर रखती है। कई जगह मुँह से वाह निकल पड़ता है। पुरानी भंगार फैक्टरी, टूटा जहाज, बंदरगाह और तमाम लोकेशन फिल्म को बेहतर बनाते हैं।

कवेलू की छत पर रोमियो-लैला का फूल मून में मिलन रोमांटिक है। फ्लाइंग किस का दृश्य प्रभा‍वी है। लैला का फ्लाइंग किस सफेद रिबन पर लाल रंग का दिल बनकर रोमियो के पास जाता है, जो उसके दिल में समा जाता है। कुत्ता पकड़ने वाली गाड़ी को खलनायक की तरह कुत्तों की दुनिया में लिया जाना सच्चाई और हकीकत के नजदीक है।

webdunia
IFM
पंजाबी, तमिल, तेलुगु, बंबइया हिन्दी और अँग्रेजी शब्दों को तोड़-मोड़कर कॉमेडी में बदलने की कोशिश उम्दा है। रोमियो को सैफ अली ने आवाज दी है और उन्होंने कमाल का काम किया है। छोटी-छोटी बारिकियों को उन्होंने पकड़ा है।

करीना कपूर की आवाज के जरिए लैला का पात्र उभरकर आता है। जावेद जाफरी के साथ यह हमेशा की समस्या है कि आवाज में विविधता लाने में इतने डूब जाते हैं कि कई बार उनके बोले गए संवाद समझ में नहीं आते हैं। संजय मिश्रा, व्रजेश हीरजी और तनाज की डबिंग भी उम्दा है।

‘रोडसाइड रोमियो’ सिर्फ उम्दा एनिमेशन की वजह से देखी जा सकती है।

रेटिंग : 2.5/5
1- बेकार/ 2- औसत/ 3- अच्छी/ 4- शानदार/ 5- अद्‍भुत

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi