Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

संयुक्त राष्ट्र ने पाक से कर्मचारी वापस बुलाए

हमें फॉलो करें संयुक्त राष्ट्र ने पाक से कर्मचारी वापस बुलाए
इस्लामाबाद (भाषा) , सोमवार, 2 नवंबर 2009 (16:27 IST)
अपने कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बेहद चिंतित संयुक्त राष्ट्र ने सोमवार को घोषणा की कि वह पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर मोर्चे और कबीलाई इलाकों से जरूरी कर्मचारियों को छोड़कर अन्य सभी कर्मचारियों को वापस बुलाने जा रहा है।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने पश्चिमोत्तर प्रांत और कबीलाई इलाकों के लिए सुरक्षा स्तर का ‘चरण चार’ घोषित किया, जिसके तहत इलाके में सिर्फ आपातकालीन अभियानों को अंजाम देने के साथ कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था में और इजाफा किया जाएगा।

संयुक्त राष्ट्र द्वारा जारी एक वक्तव्य में कहा गया है‘इलाके में सुरक्षा की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह फैसला किया गया है।’वक्तव्य के अनुसार संयुक्त राष्ट्र देश में अंतरराष्ट्रीय कर्मियों की संख्या में कमी लाते हुए अपने कार्य को सिर्फ आपातकालीन मानवतावादी राहत और सुरक्षा अभियान तक सीमित रख रहा है।

इसके अनुसार‘महासचिव के परामर्श के अनुसार सुरक्षा स्तर के ‘चरण चार’ के तहत पश्चिमोत्तर मोर्चे में अंतरराष्ट्रीय कर्मचारियों की संख्या में कमी की जा रही है। सिर्फ मानवतावादी राहत, आपातकालीन कार्यों और सुरक्षा अभियान से जुड़े लोगों को ही वहाँ तैनात रखा जाएगा।’

संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि अन्य सभी कार्यक्रमों के तहत काम कर रहे कर्मचारियों को पश्चिमोत्तर मोर्चे और कबीलाई इलाकों से हटाकर दूसरे स्थानों पर तैनात किया जाएगा।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi