Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

लसित मलिंगा नहीं खेलेंगे चैंपियंस लीग टी-20 में

हमें फॉलो करें लसित मलिंगा नहीं खेलेंगे चैंपियंस लीग टी-20 में
कोलंबो , रविवार, 25 अगस्त 2013 (20:22 IST)
FILE
कोलंबो। श्रीलंका के तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा पारिवारिक प्रतिबद्धताओं के कारण अगले महीने भारत में खेली जानी वाली चैंपियंस लीग टी-20 में मुंबई इंडियंस के लिए नहीं खेल पाएंगे।

श्रीलंका क्रिकेट ने मलिंगा की छुट्टी का आग्रह मिलने की पुष्टि की जबकि उनकी भारतीय फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस (इस साल की आईपीएल विजेता) को भी इसकी सूचना दे दी गई है। इस दौरान मलिंगा की पत्नी दूसरे बच्चे को जन्म देंगी।

श्रीलंका क्रिकेट के सचिव निशांत राणातुंगा ने ‘ईएसपीएनक्रिकइंफो’ से कहा कि हमें अभी उसके आग्रह को मंजूरी देने का समय नहीं मिला है, क्योंकि हमें यह शुक्रवार को ही मिला था लेकिन यह व्यक्तिगत कारण है तो मुझे नहीं लगता कि इसमें कोई समस्या होगी। उनका छुट्टी का आग्रह श्रीलंका के जिम्बॉब्वे दौरे तक है, जो चैंपियंस लीग के बाद 10 अक्टूबर से शुरू होगा।

मलिंगा शनिवार को कैरेबियाई प्रीमियर लीग फाइनल में गुयाना एमेजन वारियर्स फ्रेंचाइजी के लिए खेले थे। वे छुट्टी के दौरान अपनी पत्नी और परिवार के साथ समय बिताना चाहते हैं, क्योंकि उनके दूसरे बच्चे का जन्म सितंबर के अंत में होना है।

मुंबई इंडियंस चैंपियंस लीग में अपना अभियान 21 सितंबर से शुरू करेगी जबकि जिम्बाब्वे में सीमित ओवर के मैच 26 अक्टूबर से शुरू होंगे। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi