Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

रिंगटोन में शिवराज की जय-जय!

हमें फॉलो करें रिंगटोन में शिवराज की जय-जय!
भोपाल। भाजपा चुनाव प्रचार में हाईटेक प्रयोग कर रही है। मोबाइल एसएमएस पर निर्वाचन आयोग की टेढी नजर के बाद अब प्रदेश भाजपा ने मोबाइल रिंगटोंस का सहारा लिया है। इसके तहत भाजपाई अब जय-जय शिवराज गुनगुनाती रिंगटोंस अपने मोबाइल में रखने लगे हैं।

विधानसभा चुनावों में भाजपा ने हाईटेक प्रचार-प्रसार के लिए कई प्रयोग किए हैं। इसमें पहले मोबाइल एसएमएस के जरिए प्रचार-प्रसार शुरू किया गया था, किंतु निर्वाचन आयोग ने टेलीकॉम कंपनियों से एसएमएस के रिकॉर्ड लेने और उनका खर्च प्रत्याशी के चुनावी खर्च में जोड़ने के निर्देश दे दिए। इसके बाद अब भाजपा ने मोबाइल रिंगटोंस को अपना लिया है। ये रिंगटोंस काफी पहले बना ली गई थीं, लेकिन अब भाजपा कार्यकर्ताओं में इनके उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। उपभोक्ता की इच्छा पर ही रिंगटोन लोड होती है, इस कारण इसका कोई खर्च प्रत्याशी के चुनावी खर्च में नहीं जोड़ा जा सकता।

किस तरह की रिंगटोन : भाजपा ने देशभक्तिपूर्ण गानों में शिवराज की महिमा गाई है। इसमें 'आओ बच्चों तुम्हें दिखाएँ झाँकी हिन्दुस्तान की' की तर्ज पर खिलेगा कमल निशान-साथ चलेंगे हम, रंग दे बसंती गाने पर जय-जय शिवराज, चक दे इंडिया पर जन के हक में जन के साथ गाने तैयार किए गए हैं। आठ गानों की रिंगटोंस तैयार की गई है।

सीडी भी चुनावी रंग में : शिवराज के मध्य प्रदेश विकास पर आधारित एक फिल्म भी भाजपा ने मुंबई की एक कंपनी से तैयार कराई है। इसे शिवराज की चुनावी सभाओं में दिखाने की तैयारी है। इससे पहले संगीतकार रवींद्र जैन से भी भाजपा चुनावी गाने तैयार करवा चुकी है। इन गानों की करीब दो लाख सीडी भेल के जंबूरी मैदान पर आयोजित भाजपा की सभा में बाँटी गई थी।

प्रचार पर हाईटेक असर : पूरे चुनावी प्रचार पर हाईटेक असर दिख रहा है। प्रचार-प्रसार का अधिकतर सामान दिल्ली और लखनऊ से आ रहा है। इसमें करीब सात हजार रुपए की लागत वाला इलेक्ट्रॉनिक बैलून भी चुनावी आसमान में नजर आएगा। इसके अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों के निशानों को भी इलेक्ट्रॉनिक रूप में बाजार में उपलब्ध कराया गया है। (नईदुनिया)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi