Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

खंडाला : वीकेंड डेस्टिनेशन के रूप में लोकप्रिय

कुदरती खूबसूरती से भरपूर महाराष्ट्र के हिल-स्टेशन

हमें फॉलो करें खंडाला : वीकेंड डेस्टिनेशन के रूप में लोकप्रिय
वैसे तो भारत के कई हिस्से प्राकृतिक सौंदर्य की दृष्टि से बेहद खूबसूरत और समृद्ध माने जाते हैं लेकिन जब बात महाराष्ट्र की हो, तो यहां कुदरती सुंदरता के साथ सैलानियों के लिए पर्यटन का खजाना भरा पड़ा है।

यहां सैलानी चाहें तो मुंबई, पुणे जैसे महानगरों की शहरी जिंदगी और नाइट लाइफ का मजा ले सकते हैं। वहीं नासिक, त्र्यंबकेश्वर, भीमाशंकर, अष्ट विनायक, सप्तश्रृंगी गढ़, शिर्डी जैसे धार्मिक स्थलों की यात्रा का पुण्यलाभ ले सकते हैं।

अगर आप चाहते हैं कि पहाड़ों पर जाकर प्रकृति के बीच वक्त बिताया जाए, तो इसके लिए माथेरान, लोनावला, खंडाला, महाबलेश्वर जैसे पहाड़ी इलाकों का भी लुत्फ ले सकते हैं यानी हर तरह के पर्यटन के लिए उपयुक्त है महाराष्ट्र की सैर। आइए चलते हैं महाराष्ट्र में हिल स्टेशन की सैर पर।

खंडाला : वीकेंड डेस्टिनेशन के रूप में लोकप्रिय -
webdunia
FILE


मुंबई की भीड़-भाड़ से लगभग 100-120 किलोमीटर दूर है खूबसूरत और आकर्षक हिल-स्टेशन खंडाला। मुंबई और पुणे जैसे शहरों से बेहद नजदीक और नैसर्गिक सौंदर्य से लबालब होने की वजह से सैलानियों के बीच वीकेंड डेस्टिनेशन के तौर पर काफी लोकप्रिय हो चुका है।


प्राकृतिक सौंदर्य का खूबसूरत नजारा :-

webdunia
FILE


सह्याद्रि पर्वत श्रृंखला की निचली रेंज पर बसा खंडाला वैसे तो एक छोटा-सा हिल स्टेशन हैं, लेकिन यहां बिखरी कुदरती सुंदरता मन को मोह लेती है। खासकर मानसून के समय तो यहां नजारा बेहद ही खूबसूरत दिखाई देता है। चारों ओर पहाड़ों पर फैली हरियाली और उसके बीच से कल-कल करते झरने, जैसे कुदरत यहां दोनों हाथों से अपनी सुंदरता बिखेर रही है।

रोमांचक और अनोखे एहसास का आनंद :-

webdunia
FILE


खंडाला की सैर में आनंद का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रेलमार्ग से यहां पहुंचने में करीब 20 से ज्यादा सुरंगों से गुजरता रास्ता ही बेहद अनोखा एहसास कराता है। इतना ही नहीं, खंडाला उन लोगों के लिए भी बेहद खास जगह है जिन्हें ट्रैकिंग और क्लाइम्बिंग जैसे रोमांचक और साहसिक गतिविधियों में विशेष रूचि हो।


खूबसूरत भूशी झील :-
webdunia
FILE


खंडाला की भूशी झील सैलानियों के बीच काफी मशहूर है। दरअसल पानी का सुखद किनारा और चारों ओर बिखरी प्राकृतिक सुंदरता सैलानियों को बरबस ही अपनी ओर खींच लेती है। यहां झील किनारे कुछ देर बैठना मन को बेहद शांति और सुकून देता है।


ड्यूक नोज का अद्भुत नजारा :-

webdunia
FILE


खंडाला में ड्यूक नोज प्रकृति का एक अद्भुत नजारा पेश करती है। दरअसल यह एक सीधी खड़ी चट्टान जो सैलानियों के बीच रॉक क्लाइम्बिंग स्पॉट के तौर पर काफी लोकप्रिय है। एक ब्रिटिश गर्वनर के नाम पर इसका नामकरण हुआ। हालांकि स्थानीय लोग इसे नागफनी कहकर भी पुकारते हैं। इस पहाड़ी के नजदीक ही सौसेज हिल और आईएनएस शिवाजी है।


रिवर्सिंग स्टेशन, कार्ला और बेज गुफाएं :-

webdunia
FILE

खंडाला का रिवर्सिंग स्टेशन भी देखने योग्य जगह है। हालांकि बहुत पहले यह रेलवे की संपत्ति में शामिल थी लेकिन अब यह एक वीरान और उजाड़ जगह है। यह खंडाला के मुख्य रेलमार्ग पर 26 नंबर सुरंग के पास स्थित है, जहां से चारों ओर खासकर खोपोली नामक इलाका बेहद खूबसूरत दिखाई देता है।

खंडाला से 15-20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं कार्ला और बेज गुफाएं। यह पहाड़ी चट्टानों और पत्थरों को काट कर बनाई गई गुफाएं हैं। इन गुफाओं के स्तंभों पर बेहतरीन नक्काशी की गई है। साथ ही यहां दूसरी शताब्दी के खूबसूरत और अद्भुत मंदिर भी मौजूद हैं जिनमें भारत का सबसे खूबसूरत बुद्ध का मंदिर शामिल है।







हमारे साथ WhatsApp पर जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
Share this Story:

वेबदुनिया पर पढ़ें

समाचार बॉलीवुड ज्योतिष लाइफ स्‍टाइल धर्म-संसार महाभारत के किस्से रामायण की कहानियां रोचक और रोमांचक

Follow Webdunia Hindi