Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

अस्थिरता नहीं फैलने देंगे मनमोहन

हमें फॉलो करें अस्थिरता नहीं फैलने देंगे मनमोहन
चेन्नई (भाषा) , गुरुवार, 8 जनवरी 2009 (12:49 IST)
प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह ने कहा कि भारत अतिवादी और आतंकवादी ताकतों को देश की शासन व्यवस्था और सामाजिक तानेबाने को अस्थिर नहीं करने देगा।

सिंह ने यह भी घोषणा की कि देश अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ मिलकर यह सुनिश्चित करेगा कि आतंकवादियों के लिए कोई सुरक्षित पनाहगाह और लांचिंग पैड्स नहीं रहे।

उन्होंने कहा कि हम अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ लगातार काम करते हुए यह सुनिश्चित करेंगे कि आतंकवादियों के लिए कोई सुरक्षित पनाहगाह और प्रशिक्षण शिविर नहीं रहे।

प्रधानमंत्री की इस टिप्पणी को मंगलवार को उनके द्वारा दिए गए इस बयान की पृष्ठभूमि में महत्वपूर्ण माना जा रहा है कि मुंबई में हुए आतंकी हमलों के पीछे पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तोइबा का हाथ है। इन हमलों की तैयारी को देखकर लगता है कि आतंकियों को उस देश की किसी आधिकारिक एजेंसी का समर्थन रहा होगा।

सिंह ने लोगों को धर्म तथा ऐसे अन्य विचारों के आधार पर बाँटने वाली ताकतों की आलोचना करते हुए कहा कि ऐसे लोगों ने भारत के विचार के साथ छल किया है।

सिंह ने कहा कि वैश्विक आर्थिक संकट के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था का आधार बहुत मजबूत है और चालू वित्त वर्ष में विकास दर सात फीसदी रहने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि भारत नए आर्थिक आधार के विकास के मद्देनजर अन्य देशों के साथ सक्रियता से काम कर रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नवविकसित वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारत के पास अपना हिस्सा लेने का अधिकार होना चाहिए।
सिंह ने कहा हमें यह सुनिश्चित करने की जरूरत है कि नया उभरता आर्थिक आधार नयी चुनौतियों और विश्व अर्थव्यव्यस्था की कठिनाइयों का सामना करने के अनुकूल हो। साथ ही उसमें वह परिवर्तन भी परिलक्षित हों जो आर्थिक ढाँचे में हुए हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मतभेदों के बावजूद एक-दूसरे के साथ मिलजुलकर जीने की इच्छा और बहुपक्षवाद हमारी संस्कृति में गहरे तक समाए हुए हैं। इसीलिए मैं हमेशा कहता हूँ कि जो लोग अलगाववाद की राजनीति करते हैं, लोगों को बाँटते हैं और भारत की मूल संकल्पना के साथ छल करते हैं। हमारी सभ्यता का मूल आधार विवेक और वार्ता के जरिए चीजों को सुलझाने की इच्छा है।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi