Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

आतंकवाद पूरी दुनिया के लिए खतरा-मनमोहन

हमें फॉलो करें आतंकवाद पूरी दुनिया के लिए खतरा-मनमोहन
नई दिल्ली (भाषा) , सोमवार, 31 मार्च 2008 (21:35 IST)
दुनिया भर में आतंकवाद के खतरे पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह ने कहा कि इस समस्या से निबटने की खातिर कारगर उपायों के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ मिलकर प्रयास किया जाना चाहिए।

सिंह ने स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) के स्थापना दिवस समारोह में सोमवार को कहा कि दुनिया भर में आतंकवाद का खतरा महसूस किया जा रहा है। ऐसे महत्वपूर्ण लोगों की संख्या में वृद्धि हुई है, जिन्हें आतंकवाद से खतरा है और यह पूरी दुनिया में सरकारों के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

इस समस्या से निबटने के लिए उपायों की खातिर अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ मिलकर काम करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कहीं भी आतंकवाद की मौजूदगी हर जगह स्वतंत्रता एवं लोकतंत्र के लिए खतरा है।

उन्होंने कहा कि सरकार देश में सामाजिक एवं सांप्रदायिक सौहार्द आर्थिक प्रगति राजनीतिक स्थिरता सुरक्षा एवं शांति के लिए प्रतिबद्ध है।

सिंह ने कहा आतंकवाद का स्रोत जो भी हो हम उसे जड़ से समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके साथ ही हम यह सुनिश्चत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि राजनीतिक बदलाव सिर्फ मतपेटियों से हो न कि बंदूक के सहारे।

एसपीजी की भूमिका की सराहना करते हुए सिंह ने कहा कि लोकतांत्रिक समाज में राजनेता लोगों से यथासंभव नजदीक होना चाहेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग सुरक्षा के अभेद्य घेरे में रहना पसंद नहीं करेंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में नेताओं की रक्षा करना और उनके आम लोगों की पहुँच में बने रहने को सुनिश्चित करने के लिए विशेष कुशलता की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि एसपीजी के पास कोई विकल्प नहीं है सिवाय इसके कि वह राजनेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उनके और आम लोगों के बीच कड़ी का काम करे।

सिंह ने कहा 23 साल बाद आज एसपीजी एक उल्लेखनीय बल के रूप में विकसित हो चुका है और उसने अपनी जिम्मेदारियों के प्रति प्रतिबद्धताओं के उच्चतम स्तर का प्रदर्शन किया है।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi