Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

कांग्रेस करप्शन का कैसीनो-नकवी

हमें फॉलो करें कांग्रेस करप्शन का कैसीनो-नकवी
नई दिल्ली , शनिवार, 13 अक्टूबर 2012 (23:00 IST)
FILE
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस करप्शन का कैसीनो बन गई है जहां भ्रष्टाचार एवं घोटालों के शातिर खिलाड़ी जन-धन की लूट का खेल खेल रहे हैं।

हिमाचल प्रदेश और गुजरात विधानसभा चुनावों की तैयारी को लेकर पार्टी की केंद्रीय चुनाव प्रबंधन एवं समन्वय समिति की बैठक को संबोधित करते हुए नकवी ने कहा कि करप्शन के इस कैसीनो में सरकार देश के हितों और आम लोगों के सरोकार को विदेशी बाजार के खिलाड़ियों के सामने दांव पर लगा रही है।

उन्होंने कहा कि देश गंभीर राजनीतिक अविश्वसनीयता एवं अस्थिरता के दौर से गुजर रहा है जहां संप्रग सरकार के आधे से अधिक मंत्री गंभीर भ्रष्टाचार एवं घोटालों के आरोपों के घेरे में हैं। फिर भी सरकार उनके खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हें बचा रही है।

नकवी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनादेश का कुतर्क देकर भ्रष्टाचार घोटालों पर पर्दा डालना चाहती है। कांग्रेस को यह अच्छी तरह समझना चाहिए कि जनादेश जन-धन लूटने का प्रमाण पत्र नही है।

देश को भ्रष्टाचार घोटालों महंगाई के दलदल में फंसाकर केंद्र सरकार अपनी जनविरोधी नीतियों को न्यायोचित ठहराने में अरबों रुपए खर्च कर अपने मुंह मियां मिट्ठू बन रही है।

नकवी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति और पतन का नतीजा है कि आज देश के विकास की गति ठप पड़ गई है। महंगाई चरम पर है बेरोजगारी दिन प्रतिदिन बढ़ रही है और बेरोजगारों को विदेशी बाजार का झुनझुना दिखाकर सरकार सपनों की सौदागिरी कर रही है।

उन्होंने कहा कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनावों में कांग्रेस को घोटालों, भ्रष्टाचार और महंगाई की जिम्मेदारी से भागने नहीं दिया जाएगा।

इन दोनों राज्यों ने केंद्र सरकार द्वारा विकास के रास्ते में रोड़ा अटकाने, बाधा खड़ी करने और सौतेले व्यवहार के बावजूद विकास और सुशासन का सफल सफर तय किया जो कांग्रेस को हजम नहीं हो रहा है।

नकवी ने कहा कि अर्थशास्त्रियों की सरकार ने जमीन शास्त्र से कटकर देश के राजनीतिक वायुमंडल को नकारात्मक बना दिया है जिससे देश आर्थिक उदारवाद के बजाय आर्थिक उधारवाद के रास्ते पर खड़ा हो गया है।

उन्होंने कहा कि सड़क से संसद तक का विश्वास खो चुकी केंद्र सरकार एवं कांग्रेस अपनी विदाई से पहले विदेशी बाजार माफियाओं को भस्मासुर के रूप में देश में लाने का खतरनाक खेल-खेल रही है।

सलमान खुर्शीद की संस्था पर नए आरोप : भाजपा ने शनिवार को सलमान खुर्शीद की संस्था डॉ. जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट में धोखाधड़ी के नए आरोप लगाते हुए ट्रस्ट का पंजीयन रद्द करने और मामले की जांच संसदीय समिति से कराने की मांग की।

भाजपा की प्रांतीय इकाई के कृषक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष पूर्व विधायक सुनील शाक्य ने आरोप लगाया कि जाकिर हुसैन ट्रस्ट ने विकलांगों के लिए शिविर लगाने के नाम पर वित्तीय सहायता हड़पने के साथ-साथ औषधीय पौधे लगाने तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय से बांस की खेती संबंधी मिशन के लिए भी कई परियोजनाएं हासिल करके करोड़ों रुपए की हेराफेरी की है। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi