Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

गर्मी से झुलसा उत्तर भारत

दिल्ली में 50 वर्षों का रिकॉर्ड टूटा

हमें फॉलो करें गर्मी से झुलसा उत्तर भारत
नई दिल्ली (भाषा) , गुरुवार, 30 अप्रैल 2009 (09:38 IST)
देश के कई हिस्सों में तापमान बुधवार को 45 डिग्री सेल्सियस का आँकड़ा पार कर गया, वहीं राष्ट्रीय राजधानी में बीते 50 वर्षों में अप्रैल माह में सर्वाधिक तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजस्थान के चूरू में 46.2, बीकानेर में 45.4, जैसलमेर में 45.3, गुलाबी शहर जयपुर में 44.7 और गंगानगर में 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

पड़ोसी राज्य हरियाणा के हिसार में बुधवार को मौसम का सबसे गर्म दिन रहा। यहाँ 45.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। हरियाणा से सटे पंजाब के पटियाला में 42.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बीते पचास साल में अप्रैल माह का अधिकतम 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इससे पहले यहाँ वर्ष 1958 में अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

उड़ीसा में मृतक संख्‍या 67 : उड़ीसा में गर्मी के कारण नौ और लोग मारे गए हैं। इसके साथ ही राज्य में गर्मी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 67 हो गई है। राज्य के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।

राज्य सरकार ने लू के कारण 11 लोगों की मौत की पुष्टि की है, जबकि बाकी के 56 मामलों की जाँच चल रही है और रिपोर्ट की प्रतीक्षा है।

उत्तरप्रदेश में झाँसी राज्य में सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहाँ पारा 44.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुँच गया। इलाहाबाद, कानपुर और वाराणसी में लोग पसीने से तरबतर रहे। यहाँ दिन का तापमान क्रमश: 43.7, 43.1 और 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi