Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

जेटली, नायडू नहीं लड़ेंगे लोकसभा चुनाव

लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेश प्रभारियों की घोषणा

हमें फॉलो करें जेटली, नायडू नहीं लड़ेंगे लोकसभा चुनाव
भाजपा ने अपने दो वरिष्ठ नेताओं अरुण जेटली और एम. वेंकैया नायडू को चुनाव लड़ने की शर्त से मुक्त करते हुए लोकसभा चुनाव की तैयारियों के लिए प्रदेश प्रभारियों के नामों की घोषणा कर दी।

पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी ने यहाँ हुए भाजपा के तीन दिवसीय अधिवेशन की समाप्ति पर कहा कि उन्होंने पार्टी के सभी राज्यसभा सदस्यों से लोकसभा चुनाव लड़ने का आग्रह किया था, लेकिन अरुण जेटली और वेंकैया नायडू को इस फैसले से मुक्त कर दिया गया है ताकि वे संगठनात्मक कार्यों के लिए पूरा समय दे सकें।

आडवाणी ने कहा कि जेटली में दूसरे दलों से तालमेल करने की अद्भुत क्षमताएँ हैं और इसे देखते हुए उन्होंने उनसे (जेटली से) कहा गया है कि वे चुनाव न लड़ें और सारा ध्यान इसी पर दें।

उन्होंने कहा कि पार्टी उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी रामपुर से और सुषमा स्वराज भोपाल से चुनाव लड़ेंगी। इनके अलावा मुरली मनोहर जोशी और यशवंत सिन्हा सहित राज्यसभा के अन्य सदस्यों के चुनाव लड़ने के क्षेत्रों की घोषणा पहले ही की जा चुकी है।

आडवाणी ने कहा कि उन्होंने नायडू से चुनाव लड़ने को कहा था पर उन्होंने इसके लिए मना करते हुए कहा कि वे चुनावी तैयारियों पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं।

आडवाणी ने लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेश प्रभारियों के नामों की घोषणा भी कर दी। नायडू कनार्टक, आंध्रप्रदेश, तमिलनाड़ु, केरल, पांडिचेरी अंडमान निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप में लोकसभा चुनाव के प्रभारी होंगे।

सुषमा चुनाव लड़ने के साथ ही मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड का प्रभार देखेंगी। जेटली उत्तरप्रदेश, बिहार, पंजाब और चंडीगढ़ तथा दिल्ली का जिम्मा संभालेंगे।

अनंत कुमार मध्यप्रदेश और कर्नाटक तथा शांता कुमार जम्मू-कश्मीर हिमाचल प्रदेश उत्तराखंड और हरियाणा के प्रभारी होंगे। भगतसिंह कोशियारी को भी उत्तराखंड का प्रभार देखने को कहा गया है।

नरेंद्र मोदी अपने प्रदेश गुजरात के अलावा महाराष्ट्र गोवा दमन दीव और दादरा एवं नगर हवेली में लोकसभा चुनाव के पार्टी प्रभारी होंगे।

वी. सतीश उड़ीसा, सौदानसिंह राजस्थान और एसएस अहलूवालिया, हरेंद्र तथा चंद्रशेखर असम और सिक्किम सहित सभी पूर्वोत्तर राज्यों में चुनावी तैयारियों की जिम्मेदारी निभाएँगे। अहलूवालिया को पश्चिम बंगाल का भी प्रभार दिया गया है।

आडवाणी ने कहा कि जिन राज्यों में भाजपा का शासन है वहाँ के मुख्यमंत्री और जहाँ राजग का शासन है उन प्रदेशों में भाजपा के उपमुख्यमंत्री या मंत्रियों के पास भी अपने-अपने राज्यों में लोकसभा चुनाव की तैयारियाँ देखने का जिम्मा होगा।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi