Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

पूर्व आरएसएस प्रमुख सुदर्शन का निधन

हमें फॉलो करें पूर्व आरएसएस प्रमुख सुदर्शन का निधन
नागपुर , शनिवार, 15 सितम्बर 2012 (23:46 IST)
FILE
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पूर्व सर संघचालक केएस सुदर्शन का शनिवार को यहां दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे 81 वर्ष के थे।

संघ के सूत्रों ने बताया कि सुदर्शन को सुबह लगभग साढ़े छह बजे सीने में दर्द हुआ। तुरंत डॉक्टरों को बुलाया गया, लेकिन लगभग 20 मिनट बाद उनका निधन हो गया। सुदर्शन शुक्रवार को ही यहां पहुंचे थे और कुछ कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया था। वे संघ के स्थानीय कार्यालय जागृति मंडल में रुके हुए थे, वहीं पर उन्होंने अंतिम सांस ली।

सूत्रों ने बताया कि सुदर्शन ने सुबह भी मार्निंग वॉक किया और फिर संघ की शाखा में हिस्सा लिया और शाखा स्थल पर संघ कार्यकर्ताओं को भी संबोधित किया था। इसके बाद कार्यालय स्थित कक्ष में पहुंचे, जहां उन्हें सीने में दर्द हुआ। उनका शनिवार को कुछ अन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लेने का भी कार्यक्रम था।

सुदर्शन का पार्थिव शरीर संघ के स्थानीय कार्यालय जागृति मंडल में लोगों के दर्शनार्थ रखा गया। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमनसिंह सुदर्शन के निधन की सूचना मिलते ही संघ कार्यालय पहुंच गए और उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कृषि मंत्री चन्द्रशेखर साहू, गृहमंत्री ननकीराम कंवर समेत राज्य सरकार के मंत्रियों तथा संघ के प्रमुख नेताओं ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

अंतिम संस्कार नागपुर में : शनिवार शाम सुदर्शन का पार्थिव शरीर विशेष विमान से नागपुर लाया गया। अंतिम दर्शन के लिए हवाई अड्डे पर बड़ी संख्या में आरएसएस के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारीगण मौजूद थे। यहां से सुदर्शन की देह को रेशमीबाग स्थित ‘स्मृति मंदिर’ ले जाया गया, जो आरएसएस के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार का स्मारक है।

आरएसएस के स्थानीय कार्यकर्ता डॉ. दिलीप गुप्ता और डॉ. रविन्द्र जोशी ने कहा कि स्मृति मंदिर परिसर के महर्षि व्यास हॉल में शव लोगों के दर्शन के लिए रखा गया। उन्होंने कहा कि अंतिम यात्रा रेशमीबाग से शुरू होगी और अंतिम संस्कार कल नगर के पूर्वी हिस्से गंगाबाई घाट पर होगा।

हेडगेवार, आरएसएस के दूसरे प्रमुख गोलवलकर गुरुजी और तीसरे सरसंघचालक बालासाहब देवरस का अंतिम संस्कार उनकी इच्छा के मुताबिक नगर में ही हुआ था। सूत्रों के अनुसार रविवार को उनकी अंत्येष्टि नागपुर में की जाएगी।

सुदर्शन की आंखें दान : आरएसएस के पूर्व प्रमुख केएस सुदर्शन की आंखें दान कर दी गई हैं। शनिवार सुबह दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया था।

सुदर्शन ने माधव नेत्र पेढ़ी (आई बैंक) को अपनी आंखें दान में देने की घोषणा की थी। इसी के मुताबिक निधन के बाद उनका कॉर्निया निकाल लिया गया, जिसे किसी जरूरतमंद व्यक्ति को दिया जाएगा। आरएसएस यह संगठन चलाता है। सुदर्शन दिल की सर्जरी के खिलाफ थे और वे परंपरागत उपचार पर विश्वास करते थे। (वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi