Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

भारत ने खो दिया एक उत्कृष्ट नेता:मनमोहन

हमें फॉलो करें भारत ने खो दिया एक उत्कृष्ट नेता:मनमोहन
हैदराबाद (भाषा) , शुक्रवार, 4 सितम्बर 2009 (14:25 IST)
आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी के असामयिक निधन पर शोक प्रकट करते हुए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि देश ने ‘एक उत्कृष्ट नेता’ खो दिया है।

सिंह ने यहाँ कैम्प कार्यालय की आगंतुक पुस्तिका में लिखे अपने संदेश में कहा कि डॉ. वाईएस राजशेखर रेड्डी के दु:खद और बेहद असामयिक निधन से हमारे देश ने एक उत्कृष्ट नेता और आंध्रप्रदेश के लोगों ने एक आदर्श मुख्यमंत्री खो दिया है, जो गरीबों के कल्याण के लिए व्यक्तिगत तौर पर चिंतित था।

सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी और पार्टी के कई अन्य नेता रेड्डी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए यहाँ पहुँचे थे, जिनका बुधवार को एक हेलीकाप्टर दुर्घटना में निधन हो गया था। सिंह ने कहा‍ कि मेरे दिल में शोकाकुल परिवार के सदस्यों और आंध्र प्रदेश के लोगों के प्रति संवेदना है।

सोनिया ने कहा कि मैं अपने सहयोगी मुख्यमंत्री राजशेखर रेड्डी को अलविदा करने यहाँ आयी हूँ। वे एक गतिशील, दूरदृष्टा, प्रगतिशील नेता थे, जिन्होंने अपने पूरे करियर में गरीबों के उत्थान, किसानों, महिलाओं के सशक्तिकरण और बच्चों के कल्याण के लिए कठोर श्रम किया।

सोनिया ने शोक पुस्तिका में लिखा कि मुख्यमंत्री के तौर पर वह राज्य की जनता के लिए काम करने के अपने प्रयास में अथक थे। कांग्रेस पार्टी में हमारे लिए उनका निधन बड़ी क्षति है। हम हमेशा उनके योगदान को संजोकर रखेंगे और समाज के सभी तबकों के लिए जिस तरह से उन्होंने दिन-रात बिना थके काम किया उससे प्रेरणा लेते रहेंगे। कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने लिखा कि वाईएसआर सच्चे नेता थे।

उन्होंने कहा कि आंध्रप्रदेश और भारत का बड़ा नुकसान हुआ है। मैंने निजी तौर पर मुख्यमंत्री से काफी सीखा है। वह उन लोगों के लिए प्रेरणा हैं जो हमारे देश में गरीबों के जीवन पर प्रभाव छोड़ना चाहते हैं। राहुल ने कहा कि हम सभी के लिए यह दु:ख का दिन है। परिवार और आंध्रप्रदेश की जनता के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi